विज्ञापन

'2 जून की रोटी' पर सोशल मीडिया पर छाए मजेदार मीम्स, जानिए आखिर क्या है इस कहावत का असली मतलब

हर साल 2 जून आते ही सोशल मीडिया पर एक खास कहावत अचानक ट्रेंड करने लगती है- '2 जून की रोटी'. इस बार भी इंटरनेट पर इससे जुड़े मजेदार मीम्स, जोक्स और पोस्ट्स की बाढ़ आ गई है. आइए एक नजर डालते हैं ऐसे ही मजेदार मीम्स पर-

'2 जून की रोटी' पर सोशल मीडिया पर छाए मजेदार मीम्स, जानिए आखिर क्या है इस कहावत का असली मतलब
'2 जून की रोटी' हुई सोशल मीडिया पर वायरल

2 जून आते ही सोशल मीडिया पर एक बार फिर '2 जून की रोटी' ट्रेंड करने लगी है. फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप पर इस कहावत को लेकर ढेरों मीम्स और मजेदार पोस्ट वायरल हो रहे हैं. लोग हंसी-मजाक के अंदाज में एक-दूसरे को याद दिला रहे हैं कि आज रोटी जरूर खानी चाहिए, क्योंकि '2 जून की रोटी सबको नसीब नहीं होती.' हर साल की तरह इस बार भी इंटरनेट पर इस कहावत को लेकर मजेदार कंटेंट की भरमार देखने को मिल रही है. कई यूजर्स ने ऐसे पोस्ट शेयर किए हैं, जिन्हें पढ़कर लोग अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं.

सोशल मीडिया पर छाए मजेदार मीम्स

एक यूजर ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, 'आज कोई पराठा, नान या पूरी नहीं खाएगा, आज सब रोटी खाएंगे क्योंकि आज है 2 जून.' वहीं, एक अन्य यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, 'साल भर पिज्जा-बर्गर खा लो, लेकिन 2 जून को रोटी खाना अनिवार्य होना चाहिए.'

ऐसे ही कई पोस्ट और मीम्स तेजी से शेयर किए जा रहे हैं. लोग इस कहावत के शब्दों से खेलते हुए मजेदार कंटेंट बना रहे हैं, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.

क्या है '2 जून की रोटी' का असली मतलब?

बता दें कि भले ही सोशल मीडिया पर लोग इसे 2 जून की तारीख से जोड़कर मजाक कर रहे हैं, लेकिन इस कहावत का मतलब असल में काफी गहरा है. '2 जून की रोटी' का मतलब है दिन में दो वक्त का भोजन. उत्तर भारत की बोलचाल की भाषा में 'जून' या 'जूना' का मतलब समय होता है. इसलिए 'दो जून की रोटी' का अर्थ है दो वक्त की रोटी. यह हर इंसान की सबसे बुनियादी जरूरतों में से एक है.

देश में करोड़ों लोग रोज मेहनत करते हैं ताकि उन्हें और उनके परिवार को दो समय का खाना मिल सके. इसलिए यह कहावत मेहनत, संघर्ष और जीवन की जरूरतों को भी दर्शाती है और इसलिए कहा जाता है कि '2 जून की रोटी बड़ी मेहनत और नसीब से मिलती है.'

अब, भले ही आज सोशल मीडिया पर इस कहावत को लेकर मजेदार मीम्स और जोक्स वायरल हो रहे हों, लेकिन इसके पीछे एक गहरा संदेश भी छिपा है.

(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)

यह भी पढ़ें- दिन में नौकरी, रात में बाइक टैक्सी... साथ में PhD और कंटेंट, एक साथ 4 जिम्मेदारियां संभाल रहा ये शख्स

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
2 June, Viral News, Viral Video
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com