- दिल्ली में भाजपा आज पदयात्रा निकालने जा रही है, बीजेपी के सीनियर नेता इस रैली में शामिल होंगे.
- भाजपा केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी के नेतृत्व में सिख दंगों के पीड़ितों के परिवारों के साथ पदयात्रा निकालेगी.
- दिल्ली के हरिनगर डीटीसी बस डिपो से शुरू होकर तिलक नगर मेट्रो स्टेशन पर समाप्त होगी, जिसमें 5000 लोग जुटेंगे.
दिल्ली में आज एक तरफ कांग्रेस की रामलीला मैदान में रैली है तो दूसरी तरफ बीजेपी भी बड़ा आयोजन करने जा रही है. भाजपा आज केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी के नेतृत्व में दिल्ली में 1984 के एंटी सिख दंगों के पीड़ितों के परिवारों के साथ मार्च करने वाली है. इस रैली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, स्मृति ईरानी समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे. बीजेपी की इस पदयात्रा में दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, हरियाणा से भी कार्यकर्ताओं के जुटने वाले हैं, जिसकी वजह से दिल्ली में आज पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट नजर आ रहा है. बीजेपी की पदयात्रा दिल्ली में हरिनगर डीटीसी बस डिपो से शुरू होगी और तिलक नगर मेट्रो स्टेशन पर खत्म होगी.
दिल्ली में भाजपा की पदयात्रा
बीजेपी का आरोप है कि कांग्रेस ने दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली के लिए जानबूझकर 1 नवंबर तारीख चुनी है. क्योंकि आज ही सिख विरोधी हिंसा हुई थी. जिसके विरोध में भाजपा आज पदयात्रा निकालेगी. यह मार्च पश्चिमी दिल्ली में हरि नगर से तिलक नगर करीब एक किलोमीटर तक निकाला जाएगा. केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी मार्च का नेतृत्व करेंगे, इसमें 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ित परिवार, सिख समुदाय समेत 5000 लोग शामिल होंगे. इस रैली के लिए भाजपा की तरफ से भी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं.
इस मार्च के जरिए बीजेपी ने कांग्रेस को उसके इतिहास पर घेरने की रणनीति बनाई है. प्रदर्शन में 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों और उनके परिवारों को शामिल किया गया है. बीजेपी के सीनियर सिख नेताओं के नेतृत्व में हो रहे इस मार्च का मकसद जनता को कांग्रेस शासन के दौरान हुए दंगों की याद दिलाना और विपक्षी गठबंधन के 'लोकतंत्र बचाओ' के नारे को खोखला साबित करना है.
ये वीडियो भी देखिए.
दिल्ली में पुलिस प्रशासन अलर्ट
दिल्ली में दोनों पार्टियों की तरफ से हो रही इस रैली को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट है. दिल्ली पुलिस ने इंडिया ब्लॉक की रैली को बेहद सख्त शर्तों के साथ मंजूरी दी है, जिसमें स्पष्ट कहा गया है कि रैली शाम 5 बजे तक समाप्त करनी होगी और रामलीला मैदान से बाहर किसी भी प्रकार के पैदल मार्च या जुलूस की अनुमति नहीं होगी. वहीं भाजपा की रैली में भी नियमों का पालन करते हुए रैली करने के लिए कहा गया है.
ये भी पढे़ंः दिल्ली में रैली से पैनिक, ढाई लाख दुकानें ही बंद तो कोई खरीदारी कैसे करेगा, CTI का राहुल गांधी को नया लेटर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं