विज्ञापन

दिल्ली प्रदूषण पर सियासी जंग! विपक्ष ने किया डेटा में फर्जीवाड़े का दावा, BJP ने कहा- 25 साल की नाकामी है

दिवाली पर पंजाब में पराली जलाने का रिकॉर्ड टूटता नजर आ रहा है. वहीं, दिल्ली की हवा भी जहरीली हो गई है. कांग्रेस-AAP ने बीजेपी पर डेटा में हेराफेरी का आरोप लगाया है.

दिल्ली प्रदूषण पर सियासी जंग! विपक्ष ने किया डेटा में फर्जीवाड़े का दावा, BJP ने कहा- 25 साल की नाकामी है
प्रदूषण को लेकर पक्ष-विपक्ष में सियासी बयानबाजी शुरू हो गई है.
Photo: IANS
नई दिल्ली/पंजाब:

पंजाब में दिवाली के दिन पराली जलाने के मामलों में रिकॉर्ड उछाल आया, एक ही दिन में 1,152 आग लगाने की घटनाएं दर्ज की गईं. इसी के साथ, इस सीजन का कुल आंकड़ा 4,459 पहुंच गया, सबसे ज्यादा 194 मामले संगरूर में आए. वहीं, दिवाली के बाद दिल्ली-NCR धुएं की घनी परत से ढक गया, AQI 373 तक पहुंचा, कई इलाकों में 400 पार हुआ, जिसके बाद प्रदूषण को लेकर कांग्रेस-AAP और बीजेपी में सियासी जंग छिड़ गई है. रविवार को राज्य में सबसे ज्यादा पराली जलाने के मामले संगरूर जिले में सामने आए हैं, जहां एक ही दिन में 194 आग की घटनाएं रिकॉर्ड की गईं.

पंजाब रिमोट सेंसिंग सेंटर (PRSC) के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, 8 नवंबर 2026 को पूरे राज्य में सैटेलाइट द्वारा कुल 1,152 सक्रिय पराली आग की घटनाएं दर्ज की गईं. ये संख्या पिछले दिनों के मुकाबले बेहद चौंकाने वाली है, क्योंकि इससे ठीक एक दिन पहले यानी 7 नवंबर को राज्य में केवल 163 मामले ही सामने आए थे.

दिवाली के बाद 'गैस चैंबर' बनी दिल्ली

दिल्ली में दिवाली के बाद पैदा हुआ प्रदूषण का संकट आज सुबह एक सियासी जंग में तब्दील हो गया. विपक्षी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) ने बीजेपी सरकार पर नियमों को ठीक से लागू न करने और एयर क्वालिटी के आंकड़ों को छिपाने का आरोप लगाया है.

सत्ताधारी पार्टी ने पलटवार करते हुए विपक्ष पर आरोप लगाया कि वे 25 साल तक सत्ता में रहने के दौरान इस समस्या को हल करने में नाकाम रहे, और अब हिंदू त्योहारों में कमियां निकाल रहे हैं. बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि वे केवल हिंदू त्योहारों के दौरान ही प्रदूषण का मुद्दा उठाते हैं.

यह जुबानी जंग ऐसे वक्त में हो रही है, जब दिवाली के जश्न के बाद दिल्ली-एनसीआर धुएं की एक घनी परत से ढक गया है. इससे विजिबिलिटी कम हो गई है और कई जगहों पर वायु प्रदूषण 'गंभीर' श्रेणी में पहुंच गया है.

Sameer ऐप पर जारी सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, रविवार रात 11:05 बजे दिल्ली का कुल एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 373 था. अलीपुर, बवाना, बुराड़ी, चांदनी चौक, मुंडका, पंजाबी बाग, रोहिणी और विवेक विहार जैसे इलाकों में AQI 400 के पार पहुंच गया.

रिपोर्टों के मुताबिक, पॉल्यूशन का लेवल बढ़ने के बावजूद कई निगरानी केंद्रों ने रियल-टाइम डेटा दिखाना बंद कर दिया, जिसके बाद सियासी जंग तेज हो गई. IANS के मुताबिक, प्रभावित इलाकों में आरके पुरम, नेहरू नगर, मुंडका, सोनिया विहार और द्वारका शामिल हैं.

कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि दिल्ली के 39 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 25 पर रात 2 बजे से 3 बजे के बीच PM2.5 के आंकड़े उपलब्ध नहीं थे. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "क्या सरकार डेटा छिपा रही है? क्या मॉनिटर जानबूझकर बंद किए गए थे? या फिर प्रदूषण इतना खतरनाक स्तर पर पहुंच गया था कि उपकरण उसे माप ही नहीं पाए?"

कांग्रेस नेता ने कहा कि वजह चाहे जो भी हो, सरकार को दिल्ली की जनता को जवाब देना चाहिए. डेटा गायब होने का मतलब यह नहीं है कि प्रदूषण भी खत्म हो गया है." उन्होंने साल 2019 की एक रिपोर्ट भी शेयर की, जिसमें सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली की जहरीली हवा को लेकर केंद्र और राज्यों को फटकार लगाई थी. पवन खेड़ा ने कहा, "उस वक्त भी दिल्ली के प्रदूषण के लिए हमेशा कोई न कोई बहाना तैयार रहता था. AAP ने BJP को जिम्मेदार ठहराया, BJP ने AAP को और लोग लगातार परेशान होते रहे और अपनी जान गंवाते रहे."

आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने भी इसी तरह का आरोप लगाते हुए एक वीडियो पोस्ट किया. सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि AQI 3,000 से ऊपर पहुंच गया है.

भारद्वाज ने कहा, "सरकार AQI डेटा में हेराफेरी कर रही है. प्रदूषण का वास्तविक स्तर से कम दिखाया जाना निवासियों को दिल का दौरा, अस्थमा और सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्याओं के खतरे में डाल सकता है."

उन्होंने रेखा गुप्ता सरकार पर कृत्रिम बारिश के प्रस्ताव को लेकर भी निशाना साधा, क्योंकि पूर्वानुमानों से संकेत मिला था कि पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी भारत के कुछ हिस्सों में बारिश ला सकता है. सौरभ ने कहा कि अब रेखा गुप्ता सरकार इस मौके का इस्तेमाल फेल 'कृत्रिम बारिश' को बढ़ावा देने के लिए नहीं कर सकती.

बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि विपक्ष सिर्फ हिंदू त्योहारों के दौरान ही प्रदूषण का मुद्दा उठाता है. उन्होंने कहा, "कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के बीच यह एक चलन बन गया है कि जब भी सनातन त्योहार आते हैं, तो वे उनमें कमियां निकालने लगते हैं. वे प्रदूषण के बारे में बात करने लगते हैं."

उन्होंने कहा कि दिल्ली में 15 साल तक कांग्रेस और उसके बाद 10 साल तक 'AAP' की सरकार रही, लेकिन जब दीर्घकालिक उपाय लागू किए जाने चाहिए थे, तब उन्होंने कोई ठोस कदम नहीं उठाया. इन 25 वर्षों में जब प्रदूषण से निपटने के लिए सबसे ज्यादा काम होना चाहिए था, तब न तो कांग्रेस और न ही 'AAP' ने एक भी कदम उठाया. आज दिल्ली की जनता इसका खामियाजा भुगत रही है."

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने दिवाली से पहले एक 'एहतियाती' कदम के तौर पर 'ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान' (GRAP) के तीसरे चरण को लागू किया था. सुप्रीम कोर्ट ने 7 और 8 नवंबर को तय वक्त के दौरान सर्टिफाइड 'ग्रीन पटाखों' को जलाने की अनुमति दी थी, जबकि 9 नवंबर से इन पर फिर से पूरी तरह बैन लागू किया गया.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Pollution, Punjab Stubble Burning, AAP, BJP, Congress
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com