विज्ञापन

साहिल की मौत का कौन जिम्मेदार, नाबालिग कैसे चला रहा था कार? आरोपी के पिता ने कहा- I am Sorry

Sahil Accident Case Delhi: दिल्ली के सड़क हादसे में साहिल की मौत का मामला सुर्खियों में है. साहिल धनेश्रा की मां इन्ना माकन ने रोते हुए लोगों से मदद की अपील की है. साथ ही पुलिस-प्रशासन से न्याय की मांग की है. अब आरोपी के पिता ने NDTV से बात करते हुए अपना पक्ष बताया है.

साहिल की मां इन्ना माकन, साहिल की फाइल फोटो और आरोपी के पिता.
  • दिल्ली हादसे में साहिल की मौत का मामला सुर्खियों में है. अब इस मामले में आरोपी के पिता का पक्ष सामने आया है.
  • आरोपी के पिता ने बताया कि हादसे के समय वह कुशीनगर में थे और गाड़ी चलाने की जानकारी उन्हें नहीं थी.
  • आरोपी के पिता ने कहा कि गाड़ी के 13 चालान ड्राइवर के नाम पर हैं. उन्होंने साहिल की मौत पर दुख जताया है.
नई दिल्ली:

Sahil Death Case: साहिल की मौत का जिम्मेदार कौन है? स्कार्पियो चला रहा नाबालिग, रील बनाने का चलन, गाड़ियों की तेज रफ्तार, ओवरटेक की कोशिश या कुछ और... 3 फरवरी को दिल्ली के द्वारका में स्कार्पियो की टक्कर में हुई साहिल की मौत की घटना बीते कुछ समय से सुर्खियों में है. साहिल की मां इन्ना माकन ने रोते हुए लोगों से मदद की अपील की, वीडियो वायरल होने पर इस दर्दनाक हादसे से जुड़े एक-एक पहलू सामने आ रहे हैं. अब इस हादसे का दूसरा पक्ष सामने आया है. दरअसल आरोपी के पिता ने NDTV से बात की है. इस बातचीत के दौरान आरोपी के पिता ने उनके बेटे पर लगे रहे आरोपों पर अपना पक्ष बताया है. 

हादसे वाले दिन कुशीनगर में थे आरोपी के पिता, फोन पर मिली जानकारी

आरोपी के पिता नरेंद्र सिंह ने NDTV से बात करते हुए बताया, "3 फरवरी को जब यह हादसा हुआ, तब मैं कुशीनगर में था.  31 जनवरी को बिजनेस से जुड़े काम से मैं गोरखपुर के पास कुशीनगर गया था. 3 फरवरी को भी मैं कुशीनगर में ही था. मेरी वाइफ को 3 फरवरी को फोन आया कि बच्चे का एक्सीडेंट हो गया. वो घबरा गई. फिर उन्होंने फोन कर मुझे बताया. जिसके बाद मैं घबरा गया." 

Latest and Breaking News on NDTV

घायल को तुरंत हॉस्पिटल ले जाओ... आरोपी के पिता ने पत्नी से कहा था

आरोपी के पिता ने आगे बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही मैंने पूछा क्या हुआ, कैसे हुआ? इसके बाद मेरी वाइफ घटनास्थल (लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज) पर पहुंची. मैंने मिसेज को बोला कि जिस बाइक वाले को टक्कर लगी है, उसे तुरंत हॉस्पिटल ले जाओ. फिर मैंने तुरंत फ्लाइड का टिकट किया और शाम 6 बजे दिल्ली पहुंचा. यहां आते ही मैं सीधे थाने पहुंचा. जहां पुलिस वालों ने घटना के बारे में पूरी जानकारी दी. 

आरोपी के पिता बोले- मुझे उस बच्चे की मौत का बेहद अफसोस

आरोपी ने पिता ने कहा कि थाने पर कानूनी प्रक्रिया में पुलिस ने मुझसे जो मांगा, वो सब दिया. उन्होंने यह भी कहा कि थाने पर हादसे में जान गंवाने वाले लड़के (साहिल) के परिचित हमें धमका रहे थे. इस पर जब NDTV रिपोर्टर ने कहा कि जिस परिवार के बेटे की मौत हो गई, वो धमका रहे थे... इस पर आरोपी के पिता ने कहा कि मुझे उस बच्चे की मौत का बेहद अफसोस है.

  • रील बनाने की बात पर आरोपी के पिता ने कहा, मेरी बेटी ड्राइवर सीट के बगल में बैठी थी. वो रील नहीं बना रही थी, वो एक छोटा वीडियो बना रही थी.
     
  • साहिल की मौत पर आरोपी के पिता ने कहा, मुझे उस परिवार के लिए बेहद अफसोस है. मैं उसको बयां नहीं कर सकता. मैं पीड़ित परिवार के साथ हमेशा खड़ा रहूंगा. 

नाबालिग बच्चे को गाड़ी चलाने क्यों दी... आरोपी के पिता ने क्या दिया जवाब

एक नाबालिग बच्चे को आपने गाड़ी चलाने को क्यों दी... इस सवाल पर आरोपी के पिता ने कहा कि उसके गाड़ी चलाने की जानकारी मेरे संज्ञान में नहीं थी.  मैं उस दिन घर पर नहीं था. वो मुझसे बहुत डरता है, मेरे सामने आने से भी घबराता है, उसके गाड़ी चलाने की जानकारी मुझे नहीं थी. 

गाड़ी पर 13 चालान... आरोपी के पिता बोले- ड्राइवर ने चलाने पर हुआ चालान

गाड़ी पर 13 चालान थे... इस सवाल पर आरोपी के पिता ने कहा कि मेरा जो बिजनेस है, वह कॉमर्शियल गाड़ियों का है. मेरा ड्राइवर गाड़ी चलाता है. उस गाड़ी का जो भी चालान हुआ है, वह सब ड्राइवर के चलाने पर हुआ है. बच्चे के चलाने पर कोई चालान नहीं हुआ है. ऐसा तो नहीं हुआ है कि वह पहली बार गाड़ी लेकर निकला हो, वह पहले भी गाड़ी चला चुका होग... इस सवाल पर आरोपी के पिता ने कहा कि मेरे सामने ऐसा कभी नहीं हुआ.

पूरी फैमिली डिस्टर्ब, मेरा बेटा भी सदमे में हैः आरोपी के पिता

आरोपी के पिता ने आगे कहा कि पूरी फैमिली डिस्टर्ब है. बाल सुधार गृह से बाहर आने के बाद बच्चे ने कुछ बात की आपसे... इस पर उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद मेरा बच्चा, पूरा परिवार डिस्टर्ब है. वो सदमे में है, मेरे सामने नहीं आ रहा है. FIR में 19 साल की उम्र की बात पर आरोपी के पिता ने कहा कि बच्चे के हेल्थी शरीर देखने से, वहां मौजूद लोगों की भीड़ के शोर-शराबे से ऐसा हुआ होगा. जब थाने में हमने कागज दिए तो सब कुछ बताया.

वीडियो में आरोपी के पिता ने किया दावा, ओवरकेटिंग से हुआ हादसा

इस बातचीत के दौरान आरोपी के पिता और वकील ने एक वीडियो दिखाते हुआ दावा किया कि इस हादसे की असल वजह ओवरकेटिंग की कोशिश थी. उन्होंने कहा कि आप ध्यान से देखिए गाड़ी सीधी जा रही है, बस के पीछे मृतक बाइक पर है और तेज रफ्तार में बस को ओवरटेक करके अचानक गाड़ी के सामने आता है. 

यह भी पढ़ें - उसने मेरे लिए जो लिखा था वो मैंने अब भी संभाल रखा है- थम नहीं रहे हादसे में मारे गए साहिल की मां के आंसू-VIDEO

लेखक के बारे में
img
मुकेश सिंह सेंगर
Associate Editor - Crime & Investigation
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sahil Accident Case, Sahil Dhaneshra Died In A Crash, Sahil Dhaneshra Dwarka Accident Case, Sahil Dhaneshra's Death Case, Delhi Accident Death
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com