उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में पुलिस भले ही अपराध पर नियंत्रण के लिए “ऑपरेशन प्रहार” चलाकर इलाके को भय और अपराध मुक्त बनाने का दावा कर रही है, लेकिन हुड़दंगियों पर इस मुहिम का असर कम ही दिखाई दे रहा है. इसका ताजा उदाहरण विकासनगर कोतवाली क्षेत्र से सामने आया है, जहां देर रात हरियाणा नंबर की कार में सवार चार शराबी युवकों ने जमकर उत्पात मचाया और पुलिस को खुली चुनौती देते हुए फरार हो गए.
चेकिंग के दौरान नहीं रोकी कार, पुलिस को दिया चकमा
राजीव रौथान, कोतवाल विकासनगर के मुताबिक, देर रात डाक पत्थर तिराहे के पास हरबर्टपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक काले रंग की संदिग्ध कार को पुलिसकर्मियों ने रुकने का इशारा किया. लेकिन चालक ने कार की रफ्तार और बढ़ा दी और मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद सभी चेक पोस्टों पर पुलिस ने घेराबंदी शुरू कर दी.
पुलिसकर्मी को कुचलने की कोशिश, स्थानीय व्यक्ति भी घायल
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कार सवार युवक कैनाल रोड की ओर हुड़दंग मचा रहे हैं. मौके पर पहुंची पुलिस ने जब युवकों से पूछताछ करने की कोशिश की, तो चालक ने पुलिसकर्मी के ऊपर ही कार चढ़ा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इतना ही नहीं, एक स्थानीय व्यक्ति ने जब युवकों को रोकने का प्रयास किया, तो उसे भी कार से जोरदार टक्कर मार दी गई. इस घटना में पुलिसकर्मी सहित एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
भागते-भागते हादसे का शिकार, एक आरोपी मौके से गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने वाहन की जानकारी कंट्रोल रूम और व्हाट्सएप के जरिए प्रसारित की. कुछ देर बाद सूचना मिली कि उक्त कार शहर की ओर बल्लीवाला फ्लावर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन चला रहे एक युवक को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसने बताया कि उसके साथ तीन अन्य युवक भी थे, जो रास्ते में उतरकर फरार हो गए.
चारों आरोपी गिरफ्तार, नशे में होने की पुष्टि
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच आगे बढ़ाई और चारों आरोपियों साहिल, आयुष, अंशुल चौहान और प्रियांशु—को गिरफ्तार कर लिया. मेडिकल जांच में पुष्टि हुई कि सभी आरोपी शराब के नशे में थे. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि विकासनगर में वारदात को अंजाम देने के बाद वे पुलिस से बचने के लिए देहरादून की ओर भाग रहे थे, लेकिन आखिरकार पुलिस ने उन्हें दबोच लिया.
यह भी पढ़ें- चमोली: मौसम ने बदली करवट, बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से बढ़ी ठंड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं