विज्ञापन

7 महीने में 9000 फ्लैट्स बिके, 'पहले आओ पहले पाओ' की बुकिंग तारीख बढ़ी

इस साल सबसे ज्यादा फ्लैट नरेला में बिके हैं. इसके पीछे सबसे बड़ी वजह रिठाला-नरेला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर की प्रस्तावित परियोजना को माना जा रहा है. मेट्रो कनेक्टिविटी की उम्मीद से इलाके में रियल एस्टेट की संभावनाएं बढ़ी हैं.

7 महीने में 9000 फ्लैट्स बिके, 'पहले आओ पहले पाओ' की बुकिंग तारीख बढ़ी
सांकेतिक तस्वीर
NDTV

दिल्ली में घर खरीदने वालों का भरोसा एक बार फिर DDA पर बढ़ा है. यही वजह है कि इस साल सिर्फ सात महीनों में करीब 9,000 फ्लैट बिक गए हैं. बढ़ती मांग को देखते हुए DDA ने अपनी 'पहले आओ-पहले पाओ' (FCFS) हाउसिंग स्कीम के तहत फ्लैट बुकिंग की अंतिम तारीख अब 31 दिसंबर तक बढ़ा दी है. पिछले साल जहां दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) करीब 5,000 फ्लैट ही बेच पाया था, वहीं इस साल अप्रैल से अक्टूबर के बीच बिक्री में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है. खास बात यह है कि नरेला, रोहिणी और बवाना जैसी आवासीय परियोजनाओं में खरीदारों की रुचि तेजी से बढ़ी है.

आवास पोर्टल के जरिए घर बैठे फ्लैट बुक कर सकते हैं

DDA के आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच सबसे ज्यादा बिक्री LIG और MIG श्रेणी के फ्लैट्स की हुई है. इस दौरान 5,171 LIG फ्लैट और 1,704 MIG फ्लैट बिके. कुल मिलाकर लगभग 9,000 फ्लैट्स की बिक्री हुई है, जिससे साफ है कि तैयार मकानों की मांग लगातार बढ़ रही है.

DDA अधिकारियों का मानना है कि ऑनलाइन और पारदर्शी बुकिंग प्रक्रिया भी इसकी एक बड़ी वजह है. इच्छुक खरीदार DDA के आवास पोर्टल के जरिए घर बैठे फ्लैट बुक कर सकते हैं. सभी फ्लैट फ्रीहोल्ड हैं और 'रेडी टू मूव इन' श्रेणी में आते हैं. खरीदारों की सुविधा के लिए सैंपल फ्लैट भी उपलब्ध कराए गए हैं ताकि वे खरीदारी से पहले संपत्ति का आकलन कर सकें.

नरेला बना खरीदारों की पहली पसंद

इस साल सबसे ज्यादा फ्लैट नरेला में बिके हैं. इसके पीछे सबसे बड़ी वजह रिठाला-नरेला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर की प्रस्तावित परियोजना को माना जा रहा है. मेट्रो कनेक्टिविटी की उम्मीद से इलाके में रियल एस्टेट की संभावनाएं बढ़ी हैं और लोगों का भरोसा भी मजबूत हुआ है.

इसके अलावा नरेला में सेक्टर G-2 से G-6 तक प्रस्तावित एजुकेशनल हब के लिए करीब 138 हेक्टेयर जमीन चिन्हित की गई है. यहां स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करने की भी योजना है. शिक्षा, खेल और बेहतर कनेक्टिविटी से जुड़े इन प्रस्तावों ने नरेला को दिल्ली के उभरते आवासीय केंद्र के रूप में स्थापित करना शुरू कर दिया है.

यही कारण है कि लंबे समय तक खरीदारों की नजरों से दूर रहा नरेला अब मध्यम वर्गीय परिवारों और पहली बार घर खरीदने वालों के लिए आकर्षक विकल्प बनकर उभरा है. DDA को उम्मीद है कि वर्ष के अंत तक फ्लैट बिक्री का आंकड़ा और बढ़ सकता है.

यह भी पढ़ें: महादेव बेटिंग ऐप मामले में बड़ी कार्रवाई, को-फाउंडर रवि उप्पल दुबई में गिरफ्तार, भारत लाने की तैयारी तेज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
DDA, Narela
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com