NEET UG 2026: अहमदाबाद साइबर क्राइम टीम ने नीट परीक्षा (NEET UG 2026) से जुड़े साइबर फ्रॉड मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. एक आरोपी को बिहार के पटना से दबोचा है, तो वहीं दो अन्य आरोपियों को राजस्थान के जयपुर और कोटा से गिरफ्तार किया है.
पुलिस के मुताबिक, पटना से गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान नवीन कुमार यादव (19 वर्ष) के तौर पर की है. वह बिहार के गया जिले का रहने वाला है और बैचलर ऑफ साइंस (B.Sc.) का छात्र है. जांच से पता चला है कि आरोपी नवीन कुमार यादव NEET परीक्षा फीस रिफंड के नाम पर छात्रों के साथ धोखाधड़ी करता था. वह छात्रों की लॉगिन ID और दूसरी निजी जानकारी हासिल करके उनके अकाउंट्स का एक्सेस ले लेता था.
NEET रिफंड का झांसा देकर करता था धोखाधड़ी
एक्सेस मिलने के बाद आरोपी रिफंड प्रोसेस के लिए छात्रों की प्रोफाइल में अपनी बैंक डिटेल्स डाल देता था. जब परीक्षा फीस का रिफंड आधिकारिक तौर पर जारी होता था, तो छात्रों द्वारा जमा की गई लगभग 1700 रुपये की रकम सीधे आरोपी के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर हो जाती थी. यह धोखाधड़ी तब शुरू हुई, जब NEET परीक्षाएं रद्द कर दी गईं और सरकार ने प्रभावित छात्रों को पैसे वापस करने की घोषणा की.
गैंग ऐसे उठाता था फायदा
दरअसल, पोर्टल पर 'टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन' नहीं था और गैंग ने पोर्टल पर 'फॉरगेट पासवर्ड' ऑप्शन का इस्तेमाल करते समय इसका फायदा उठाया. ब्रूट फोर्स तरीकों और दूसरे टेक्निकल टूल्स का इस्तेमाल करके आरोपियों ने कॉम्बिनेशन बनाए और सफलतापूर्वक छात्रों के क्रेडेंशियल्स (लॉगिन डिटेल्स) हासिल कर लिए.
प्रोफाइल लॉगिन करने के बाद उन्होंने असली पेमेंट डिटेल्स की जगह अपनी डिटेल्स डाल दीं. नतीजतन जब असली छात्रों ने बाद में अपने रिफंड के लिए अप्लाई किया, तो उन्हें मैसेज मिला कि फंड पहले ही ट्रांसफर हो चुका है. इन गड़बड़ियों के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने अनधिकृत अकाउंट एक्सेस और फंड डायवर्ट होने के बारे में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई.
जयपुर और कोटा से दो आरोपी गिरफ्तार
वहीं अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच ने NEET पेपर लीक के नाम पर साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को राजस्थान के जयपुर और कोटा से गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया कि आरोपी टेलीग्राम चैनलों के जरिए छात्रों को NEET का कथित लीक हुआ पेपर देने का झांसा देते थे. वे लोगों को पासवर्ड से सुरक्षित PDF फाइल भेजते थे और दावा करते थे कि उसमें परीक्षा का प्रश्नपत्र मौजूद है. इसके बाद PDF का पासवर्ड देने और पेपर उपलब्ध कराने के नाम पर आरोपियों द्वारा पैसे की मांग की जाती थी.
ये भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में टेलीग्राम पर नीट पेपर के नाम पर ठगी, मास्टरमाइंड के बाद दबोचे 4 और जालसाज
ये भी पढ़ें: NEET-UG री-एग्जाम एडमिट कार्ड जारी होने के कुछ ही घंटों में वेबसाइट हुई क्रैश, स्क्रीन पर दिख रहा ब्लैंक पेज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं