नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की तरफ से NEET UG 2026 के छात्रों को एक बार फिर मौका दिया गया है, जिसमें वो अपनी बैंक डिटेल अपडेट कर सकते हैं. अब तक आधे छात्रों ने भी फीस रिफंड के लिए ये काम पूरा नहीं किया है. 3 मई की परीक्षा देने वाले करीब 22 लाख से ज्यादा छात्रों को उनकी फीस रिफंड की जा रही है, क्योंकि नीट का पेपर लीक होने के बाद इसे रद्द कर दिया गया था. अब फीस रिफंड के लिए छात्रों को अपने बैंक अकाउंट की जानकारी अपडेट करनी है. इसके लिए पहले 7 जुलाई आखिरी तारीख थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 14 जुलाई 2026 तक कर दिया है.
अब तक कितने छात्रों ने अपडेट की जानकारी?
एनटीए की तरफ से बताया गया है कि अब तक कुल 10,28,223 छात्र अपने बैंक अकाउंट की जानकारी अपडेट कर चुके हैं और उनके पैसे वापस मिलने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. बता दें कि ये आंकड़ा अभी आधे से कम है, यानी करीब 12 लाख छात्रों ने अब तक फीस रिफंड के लिए अपनी जानकारी अपडेट नहीं की है. यही वजह है कि लगातार इसकी डेडलाइन को आगे बढ़ाया जा रहा है. एनटीए की कोशिश है कि सभी छात्रों को उनकी फीस का पैसा वापस मिल जाए.
NEET UG 2026 रिफंड के लिए क्या करना है?
- सबसे पहले NEET UG 2026 के रजिस्ट्रेशन पोर्टल neet.nta.nic.in पर जाएं
- अपने एप्लीकेशन क्रेडेंशियल्स का इस्तेमाल कर लॉग इन करें
- टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का प्रोसेस पूरा करें
- इसके बाद स्क्रीन पर दिख रहे Bank Account Details Confirmation/Updation लिंक पर क्लिक करें
- अपने बैंक अकाउंट की जानकारी को बहुत ध्यान से भरें या अपडेट करें
- छात्र एक कैंसिल्ड चेक भी अपलोड कर सकते हैं
- सभी जानकारी भरने के बाद इसे सबमिट कर दें
कब तक मिलेगा रिफंड?
एक बार बैंक डिटेल अपडेट करने के बाद अगले एक हफ्ते या 15 दिन में आपके खाते में फीस का पैसा रिफंड कर दिया जाएगा. ध्यान रहे कि बैंक अकाउंट की जानकारी बिल्कुल सही हो. जिन छात्रों ने अब तक NEET UG 2026 फीस रिफंड का प्रोसेस पूरा नहीं किया है, वो तुरंत इसे कर लें.
ये भी पढ़ें - सरकारी स्कूलों में आखिर क्या-क्या बदल गया? नई रिपोर्ट में बताए गए ये 10 बड़े बदलाव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं