NEET Fee Refund: NEET के लाखों छात्रों ने अब तक फीस रिफंड के लिए अपनी बैंक डिटेल नहीं भरी है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की तरफ से एक आखिरी मौका दिया गया है, जिसमें बताया गया है कि 7 जुलाई की रात तक किसी भी हाल में अपनी बैंक डिटेल अपडेट कर लें, ऐसा नहीं करने पर फीस रिफंड का मौका नहीं दिया जाएगा. 3 मई को हुई परीक्षा में शामिल 22 लाख से ज्यादा छात्रों में से अब तक करीब 8 लाख छात्रों ने ही अपनी बैंक डिटेल्स अपडेट की हैं, यानी 14 लाख से ज्यादा छात्रों ने अब तक फीस रिफंड के लिए आवेदन नहीं किया है.
आखिरी दिन हो सकती है दिक्कत
अब फीस रिफंड की आज आखिरी तारीख है, ऐसे में एनटीए के आधिकारिक पोर्टल पर लाखों छात्र एक साथ आवेदन करेंगे. वेबसाइट पर लोड बढ़ने के चलते छात्रों को परेशानी हो सकती है. अगर 14 लाख में से 10 लाख छात्र भी एक साथ एक दिन में बैंक डिटेल के लिए पोर्टल पर आते हैं तो ये एक बड़ी संख्या होगी, इसीलिए जल्द से जल्द अपना जानकारी अपडेट कर लें और आखिरी वक्त का इंतजार न करें.
रिफंड का प्रोसेस हो चुका है शुरू
एनटीए की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक अब तक 829510 छात्र बैंक डिटेल अपडेट कर चुके हैं, इनमें से ज्यादातर को उनकी फीस रिफंड दी जा चुकी है. लगातार बैंक खातों में फीस रिफंड की जा रही है. हो सकता है कि एनटीए की तरफ से अब फीस रिफंड की विंडो दोबारा ना खोली जाए, ऐसे में छात्रों को सलाह दी जाती है कि वो जल्द से जल्द अपनी बैंक डिटेल अपडेट कर लें और ऐसा करने के कुछ ही दिन बाद उनके खाते में फीस रिफंड हो जाएगी.
फीस रिफंड के लिए क्या करना होगा?
- फीस रिफंड के लिए आपको सिर्फ अपनी बैंक डिटेल अपडेट करनी है
- इसके लिए NTA की आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाएं
- होमपेज पर Final Opportunity to Confirm/Update Bank Account Details for NEET (UG) 2026 Fee Refund (Exam held on 03 May 2026 वाले लिंक पर क्लिक करें
- एडमिट कार्ड पर लिखी जानकारी डालकर लॉगइन करें
- कैंडिडेट डैशबोर्ड खोलने के बाद बैंक खाते को वेरिफाई करें
- इसके बाद इसे सबमिट कर दें और फीस रिफंड का इंतजार करें
ये भी पढ़ें - गाजियाबाद समेत यूपी के इन जिलों में खुलेंगी तीन नई यूनिवर्सिटी, देख लीजिए पूरी लिस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं