- आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले में COVID-19 के मामले फिर से आए सामने
- मेडिकल कॉलेज के एक छात्र की भी कोविड रिपोर्ट आई है पॉजिटिव
- स्वास्थ्य अधिकारियों ने निगरानी और तैयारी की तेज
क्या कोरोना वायरस एक बार फिर भारत में अपने पैर पसार रहा है? ये सवाल इसलिए उठ रहा है क्योंकि आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले में COVID-19 के मामले फिर से सामने आए हैं. दो मरीजों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने निगरानी और तैयारी तेज कर दी है.
राजमपेट के एक 52 वर्षीय व्यक्ति की मौत वेल्लोर के क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज (CMC) में इलाज के दौरान हो गई थी. बुखार और खांसी के बाद उनमें COVID-19 पॉजिटिव पाया गया था. दूसरे मामला, कडपा शहर के 43 साल के एक व्यक्ति को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के कारण सरकारी जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई और बाद में कोविड इंटेंसिव केयर यूनिट में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. कडप्पा मेडिकल कॉलेज के एक 25 वर्षीय मेडिकल छात्र की भी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है और फिलहाल वह होम आइसोलेशन में रहकर इलाज करा रहा है.
'रैपिड रिस्पॉन्स टीमें' तैनात
कोविड के नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कडपा में खास 'रैपिड रिस्पॉन्स टीमें' तैनात कीं. अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों में लगभग 40 लोगों के सैंपल लिए. खबरों के मुताबिक, 18 सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है, जबकि बाकी टेस्ट के नतीजों का इंतज़ार है.
COVID-19 के आठ एक्टिव मामले
ज़िला स्वास्थ्य अधिकारियों ने हाल ही में ज़िला परिषद की बैठक में बताया कि जिले में अभी COVID-19 के आठ एक्टिव मामले हैं. वायरस के वैरिएंट का पता लगाने और उसके फैलने के तरीके को समझने के लिए सैंपल पुणे की एक लैब में जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं.

Photo Credit: Canva
अधिकारियों को तुरंत कदम उठाने के निर्देश
आंध्र प्रदेश की जिला प्रभारी मंत्री सविता ने अधिकारियों को कडपा जिले में संक्रमण को और फैलने से रोकने के लिए तुरंत कदम उठाने के निर्देश दिए हैं. जिला कलेक्टर सीएच श्रीधर और जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (DM&HO) रवि बाबू के साथ फोन पर बातचीत के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन इलाकों में मामले सामने आए हैं, वहां COVID-19 गाइडलाइंस को सख्ती से लागू किया जाए और लोगों के बीच जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएं.
मास्क पहनना अनिवार्य करने का निर्देश
सविता ने अधिकारियों को अस्पतालों और अन्य सार्वजनिक जगहों समेत भीड़-भाड़ वाले इलाकों में मास्क पहनना अनिवार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वे बुखार, खांसी और सांस लेने में कठिनाई जैसे लक्षण वाले लोगों की पहचान करें और जरूरत पड़ने पर उन्हें आइसोलेशन सुविधाओं में भेजें. प्रभावित इलाकों में साफ-सफाई के उपाय तेज कर दिए गए हैं और सफाई व ब्लीचिंग का काम चल रहा है.
यह भी पढ़ें- मां जैसी ममता... बीमार छात्रा को पीठ पर उठाकर 6 KM चली स्कूल वार्डन, VIDEO वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं