देशभर में कोरोना वायरस (Coronavirus) के नए मामलों को लेकर उतार-चढ़ाव जारी है. हालांकि, औसतन कोरोना के नए मामले 30 हजार के करीब बने हुए हैं. भारत में रविवार को पिछले 24 घंटे में कोरोना के 30,948 नए मामले दर्ज किए गए, जो शनिवार के मुकाबले दस फीसदी के करीब कम हैं. वहीं, पिछले 24 घंटों के दौरान 403 कोरोना मरीजों की मौत हुई है. रिकवरी रेट और ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़ी है.
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से रविवार को जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोविड-19 के कुल एक्टिव केस अब कुल मामलों का महज 1.09 फीसदी रह गए हैं, जो मार्च 2020 के बाद सबसे कम है. फिलहाल, भारत में 3,53, 398 कोरोना मरीजों का इलाज चल रहा है, जो 152 दिनों में सबसे कम आंकड़ा है. रिकवरी रेट बढ़कर 97.57 फीसदी पहुंच गया है.
पिछले 24 घंटे में 38,487 कोरोना मरीज स्वस्थ हुए हैं. कुल स्वस्थ मरीजों की संख्या 3,16, 36, 469 पहुंच गई है. साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट 2 फीसदी है और पिछले करीब दो माह से यह 3 फीसदी से कम है. डेली पॉजिटिविटी रेट की बात करें तो यह 1.95 फीसदी है ,जो पिछले 27 दिनों से तीन फीसदी से कम है.
देश में अब तक 50.62 करोड़ कोरोना टेस्ट हो चुके हैं जबकि देश में कुल टीकाकरण 58.14 करोड़ वैक्सीन डोज से ज्यादा पर पहुंच चुका है.