विज्ञापन
This Article is From Mar 30, 2020

देशभर में कोरोना के मरीजों की संख्या पहुंची 1071, अब तक 29 लोगों की हुई मौत तो 100 का हुआ इलाज

रविवार शाम तक कोरोना के मरीजों की संख्या 1024 थी, वहीं मरने वालों की संख्या 27 थी.

देशभर में कोरोना के मरीजों की संख्या पहुंची 1071, अब तक 29 लोगों की हुई मौत तो 100 का हुआ इलाज
प्रतीकात्मक तस्वीर.
नई दिल्ली:

देश में कोरोनावायरस (Coronavirus) के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में अब तक कोरोनावायरस संक्रमण के कुल 1071 मामले सामने आए हैं. इस बीमारी से अब तक 29 लोगों की मौत हो चुकी है. हालांकि, थोड़ी राहत वाली बात यह है कि 100 मरीज अब तक इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं. कोरोनावायरस को फैलने से रोकने के लिए सरकार लॉकडाउन (Lockdown), सोशल डिस्टेंसिंग (Social Distancing) समेत हर संभव कदम उठा रही है.

रविवार शाम तक कोरोना के मरीजों की संख्या 1024 थी, वहीं मरने वालों की संख्या 27 थी. प्रवासी मजूदरों के पलायन को देखते हुए केंद्र सरकार ने सख्त कदम उठाते हुए राज्यों की सीमाओं को सील करने का निर्देश दिया है. यदि कोई लॉकडाउन का उल्लंघन करते हुए पाया गया तो उसे 14 दिन के लिए आइसोलेशन में रखा जाएगा. इसके अलावा, केंद्र सरकार ने कोरोनावायरस से निपटने के लिए 11 अधिकार प्राप्त समूह गठित किए हैं.

महाराष्ट्र में 12 और लोग संक्रमित
महाराष्ट्र में सोमवार को 12 और लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पु्ष्टि होने के बाद राज्य में कोविड-19 मामलों की संख्या बढ़कर 215 हो गई. स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि 12 नये मरीजों में से पांच पुणे से, तीन मुंबई से, दो नागपुर से और एक-एक मरीज कोल्हापुर और नासिक से है. राज्य में अब तक कोविड-19 के आठ मरीजों की मौत हो चुकी है.

पश्चिम बंगाल में एक और संक्रमित व्यक्ति की मौत
पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस से संक्रमित एक महिला की एक सरकारी अस्पताल में मौत हो गई. इसके साथ ही राज्य में यह वायरस अब तक दो लोगों की जान ले चुका है. अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि दार्जिलिंग के कलिमपोंग की 44 वर्षीय महिला ने उत्तर बंगाल चिकित्सा कॉलेज एवं अस्पताल में रविवार देर रात दो बजे अंतिम सांस ली. वह अपनी बेटी का इलाज कराने के लिए हाल ही में चेन्नई गई थीं और वहां से लौटी थीं. स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि महिला की बेटी और उनका इलाज कर रहे डॉक्टर को एक केंद्र में पृथक रखा गया है. 

पिछले सप्ताह इस वायरस से एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी। राज्य में 21 लोग इस वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, जिनमें दो मृतक भी शामिल हैं. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Coronavirus Cases, Coronavirus Lockdown
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com