- कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि यदि 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर हैं तो राशन और बीपीएल कार्ड बंद करें.
- उदित राज ने कहा कि इसके बाद जो पैसा बचे वह शिक्षा पर खर्च हो.
- पीएम मोदी ने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए 50 करोड़ लोगों के गरीबी से बाहर निकलने का दावा किया.
कांग्रेस नेता उदित राज ने पीएम मोदी के 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले वाले बयान को लेकर कहा है कि अगर देश के 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठ चुके हैं तो उन पर खर्च होने वाली धनराशि को शिक्षा में खर्च कर देना चाहिए. 5 किलो राशन, बीपीएल कार्ड और इससे जुड़े सभी लाभ बंद कर देने चाहिए. इससे धनराशि बचेगी, उसका इस्तेमाल कहीं और किया जा सकेगा. शिक्षा को इस समय बहुत जरूरत है. इसके बाद उन्होंने कहा कि 50 करोड़ लोगों में कुछ किसान भी शामिल हो सकते हैं, इसलिए सम्मान निधि का भुगतान भी बंद किया जा सकता है. तो ऐसे करके काफी धनराशि बच जाएगी. इसका उपयोग छात्रवृतियां बढ़ाने और छात्रावासों के निर्माण के लिए किया जाना चाहिए. कांग्रेस के शासनकाल में छात्रावास बनाए गए थे, लेकिन उसके बाद से एक भी नहीं बनाया गया. अगर ऐसा नहीं कर सकते तो ये सरासर झूठ है.
विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते पीएम मोदी ने दिया था बयान
पीएम मोदी ने शनिवार को कहा था कि वह पावर टू एम्पावर' यानी शक्ति का इस्तेमाल लोगों को सशक्त बनाने के लिए करने के सिद्धांत में विश्वास करते हैं. पीएम मोदी ने विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि पिछले 12-13 वर्ष में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं. उन्होंने कहा कि यह कोई छोटी उपलब्धि नहीं है. यह सीमाएं तोड़ने में विश्वास रखने वाली सोच का परिणाम है.
मेरी आदत चुनौतियों को चुनौती देने की है- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को कहा था कि भारत ने पिछले 12 वर्ष में दिखाया है कि देश सोच की सीमाओं को तोड़कर अपनी क्षमताओं को पहचान सकता है, नए अवसर पैदा कर सकता है और गरीबों को सशक्त बना सकता है. उन्होंने देश के पहले आईआईटी खड़गपुर के कौस्तुभ जयंती समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत ने ‘‘सीमाएं तोड़ने और नई संभावनाओं के द्वार खोलने'' का अपना संकल्प स्पष्ट रूप से व्यक्त कर दिया है. चुनौतियों से निपटने के अपने दृष्टिकोण पर जोर देते हुए मोदी ने कहा कि वह किसी चुनौती को बिना चुनौती दिए नहीं छोड़ सकते. उन्होंने कहा कि मैं ऐसा व्यक्ति हूं जिसकी आदत चुनौतियों को चुनौती देने की है.
पहले गरीबी हटाने की बात सिर्फ फाइलों में होती थी
पीएम मोदी ने कहा कि पांच दशक पहले गरीबी को एक ऐसी चुनौती माना जाता था, जिस पर काबू पाना असंभव है. उन्होंने कहा कि ऐसा लगता था कि लगातार सत्ता में आने वाली सरकारों ने गरीबी दूर करने के लिए राजनीतिक इच्छाशक्ति दिखाने के बजाय उसके बने रहने को ही नियति मान लिया था.उन्होंने परोक्ष रूप से कांग्रेस के शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि पहले लोग गरीबी हटाने की बात तो करते थे, लेकिन फाइलों को बनाने के अलावा उन्होंने कुछ नहीं किया. अपनी सरकार के दृष्टिकोण से इसकी तुलना करते हुए उन्होंने गरीबों के लिए शौचालय बनाने की घोषणा का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार सशक्तीकरण के खोखले नारों से आगे बढ़कर लोगों के जीवन में वास्तविक सुधार लाने का काम कर रही है. उन्होंने कहा कि जब मैंने शौचालय बनवाने की लालकिले से घोषणा की थी, तब संसद में कुछ लोगों ने इसका मजाक उड़ाया था. वे यह नहीं समझ पाए कि गरीब माताओं और बहनों के लिए शौचालय की सुविधा कितनी महत्वपूर्ण है.
ये VIDEO भी देखें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं