विज्ञापन

CWC बैठक में कांग्रेस का बड़ा फैसला, ज्ञानेश कुमार के हटाने के लिए सड़क से संसद तक उठेगा मुद्दा

कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने की है. उनका कहना है कि साजिश के तहत वोटर लिस्ट से नाम हटाए जा रहे हैं.

CWC बैठक में कांग्रेस का बड़ा फैसला, ज्ञानेश कुमार के हटाने के लिए सड़क से संसद तक उठेगा मुद्दा
CWC बैठक में कांग्रेस का बड़ा फैसला
  • दिल्ली में हुई CWC बैठक में कांग्रेस पार्टी ने बड़ा फैसला किया है.
  • पार्टी ने तय किया है कि ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग प्रमुखता से उठाएगी.
  • मल्लिकार्जुन खड़गे ने ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की है.

दिल्ली में हुई कांग्रेस कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को लेकर पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है. सूत्रों को मुताबिक बैठक में तय हुआ है जब तक ज्ञानेश कुमार को नहीं हटाया गया तब तक जमीन पर लड़ाई जारी रहेगी. कांग्रेस ने इस मुद्दे पर देशभर में प्रदर्शन करने के अलावा संसद में भी यह मुद्दा उठाना तय किया है. बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ज्ञानेश कुमार पर बड़ा आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार मोदी सरकार की कठपुतली की तरह काम कर रहे हैं. पूरा देश अब जान रहा है कि वह भाजपा को लाभ पहुंचा रहे हैं, इसलिए अब उन्हें पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है. ज्ञानेश कुमार को तुरंत पद से हटना चाहिए. कांग्रेस की बैठक के बाद यह मामला फिर गरमाता हुआ दिख रहा है. 

वोट बचाने की लड़ाई लड़नी पड़ रही: मल्लिकार्जुन खड़गे

कांग्रेस की बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा 'आज की बैठक उससे भी महत्वपूर्ण है, फिर से कांग्रेस के कंधों पर अंग्रेजी राज की तरह ही भारत के लोकतंत्र और संविधान को बचाने की ऐतिहासिक जिम्मेदारी खड़ी है. अंग्रेजों से हमने वोट का हक छीनकर लिया था. आज उसी हक को बचाने के लिए फिर लड़ना पड़ रहा है. हमारे पुरखों ने जिस मजबूत लोकतंत्र की नीव अपने त्याग और बलिदानों से रखी थी, लोकतंत्र की उस नींव को मोदी सरकार ने 12 सालों में षड्यंत्रकारी तरीके से खोखला कर दिया है. साजिश के साथ लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाये जा रहे हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त मोदी सरकार की कठपुतली बन गया है. यह भारतीय लोकतंत्र की उस सोच और भावना के विपरीत है जिसके तहत यह तय किया गया कि हर योग्य नागरिक का वोट सुरक्षित हो और हर वोट की निष्पक्ष गिनती हो. '

कांग्रेस की 5 प्रमुख मांगें

  • मतदाता सूची में होने वाले हर बड़े बदलाव का पूरा डेटा सार्वजनिक हो.
  • जिन वोटरों के नाम हटाए गए हैं, उन्हें पूरी सूचना और अपील का अवसर मिले.
  • राजनीतिक दलों को मतदाता सूची और उससे संबंधित आवश्यक डेटा सिंपल फार्मेट में समय पर  उपलब्ध हो. 
  • जहां गंभीर विसंगतियों के प्रमाण सामने आएं, वहां स्वतंत्र और समयबद्ध जांच हो. 
  • चुनाव प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण डेटा और निर्णयों में खुद ऐसी पारदर्शिता हो कि किसी पक्ष को यह कहने का अवसर न मिले कि जानकारी छिपाई जा रही है.

ये वीडियो भी देखिए

कांग्रेस लगातार उठाएगी ज्ञानेश कुमार का मुद्दा

सीडब्ल्यूसी की बैठक में यह तय किया गया है कि कांग्रेस ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग प्रमुखता से उठाएगी. सूत्रों के मुताबिक ज्ञानेश कुमार को जब तक हटाया नहीं जाएगा, तब तक जमीन पर लड़ाई जारी रहेगी. जबकि संसद में भी यह मुद्दा उठाया जाएगा. इस मुद्दे को उठाने के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे ने राहुल गांधी को बधाई दी है. उनका कहना है 'मैं राहुल गांधी जी को बधाई देना चाहूंगा क्योंकि उन्होने सबसे पहले जिन-जिन बातों को उठाया वे प्रामाणिक रूप से सही साबित हुए हैं. ये बात देश के लोग मान रहे हैं. राहुल जी ने महादेवपुरा, अलंद और हरियाणा-महाराष्ट्र के मामले में दस्तावेजों के साथ मतदाता आंकड़ों के आधार पर गंभीर सवाल उठाए था. डुप्लीकेट मतदाताओं, डबल एड्रेस, एक ही एड्रेस पर बड़ी संख्या में मतदाताओं और फॉर्म-6 से जुड़ी एंट्री को लेकर उन्होंने जो तथ्य रखे थे, उस दिशा में चुनाव आयोग ने थोड़ी भी गंभीरता दिखाई होती तो आज वो कठघरे में नहीं होते और उनकी विश्वसनीयता बची रहती.'

कांग्रेस के सभी सीनियर नेता बैठक में रहे मौजूद

कांग्रेस की सीडब्ल्यूसी बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल समेत कई राज्यों के प्रभारी भी शामिल थे. इस बैठक में चुनावी राज्यों के मुद्दों पर भी चर्चा हुई है.  

ये भी पढ़ेंः 'सरकार सिर्फ दबाव में बात सुनती है', महिला अपराध के खिलाफ राहुल गांधी का हल्लाबोल, Gen-Z से कर दी बड़ी अपील

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Congress Working Committee Meeting, Gyanesh Kumar, Congress Gyanesh Kumar, CWC Meeting
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com