- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नकल माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का संकल्प व्यक्त किया है
- उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी नकल माफिया को संरक्षण प्रदान करती थीं
- योगी आदित्यनाथ ने शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन और ईमानदारी को बढ़ावा देने पर बल दिया
यूपी के फतेहपुर में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले युवा सरकार के एजेंडे का हिस्सा नहीं था. सैफई का विकास हो और बाकी सब भाड़ में जाएं, यही इनका एजेंडा था. जिन लोगों ने युवाओं का शोषण किया और जिन्हें अंधकार में धकेला था, आज वह सपा और कांग्रेस घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं. हम पीएम नरेंद्र मोदी के आभारी हैं, जिन्होंने छात्रों के भविष्य को देखते हुए बड़े-बड़े निर्णय लिए हैं. कल केंद्रीय कैबिनेट ने फैसला लिया कि नकल माफिया को 10 साल तक की सजा होगी और 10 करोड़ तक जुर्माना लगेगा. कैबिनेट से बिल को मंजूरी मिल गई है और अब सोमवार को संसद में पेश किया जाएगा. अब नकल माफिया को मिट्टी में मिलने से कोई रोक नहीं पाएगा.
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नकल माफिया सपा और कांग्रेस की विरासत है. उन्होंने कहा कि नीट की दोबारा परीक्षा को एक समयसीमा के तहत ही कराया गया और वक्त रहते ही परिणाम भी दिया गया. इससे छात्रों का साल खराब नहीं होने पाया. आपने देखा होगा कि एनटीए के भी 47 अधिकारियों की सेवाओं को हमेशा के लिए समाप्त किया गया है. कुछ लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी. छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखकर योगी आदित्यनाथ ने कड़े कदम उठाए हैं. मैं पीएम मोदी के द्वारा उठाए गए इन कड़े कदमों का अभिनंदन करता हूं.
यह पहला मौका है, जब योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली में चल रहे आंदोलन को लेकर बात की है. सीएम योगी आदित्यनाथ के अलावा एनडीए के सहयोगी दल एकनाथ शिंदे ने भी शुक्रवार की शाम को एक ट्वीट किया था. इसमें उन्होंने मोदी सरकार की ओर से उठाए गए कदमों की तारीफ की थी. बता दें कि अब दिल्ली से बाहर भी कई शहरों में छात्र सड़कों पर उतर रहे हैं. कॉकरोच जनता पार्टी के बैनर तले यह आंदोलन चल रहा है.
यह भी पढ़ें: अभिजीत दीपके को हुआ टाइफाइड, बोले- धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक लड़ाई जारी रहेगी
राहुल गांधी बोले- धर्मेंद्र प्रधान को कैबिनेट से ही निकालें, CJP से होने वाली है सरकार की मीटिंग
CJP से जुड़े लोगों का कहना है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक यह मूवमेंट जारी रहेगा. वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी यही बात कही है. वह आज तीन छात्रों को लेकर 10 जनपथ पर पीसी कर रहे थे. उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से भी बात नहीं बनेगी, उन्हें सरकार से ही बाहर करना होगा. राहुल गांधी ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान बेहद भ्रष्ट व्यक्ति हैं और उन्हें बाहर किए बिना छात्र शांत नहीं बैठेंगे. इस बीच सीजेपी के प्रतिनिधियों के साथ आज दोपहर में सरकार की फिर से मीटिंग होने वाली है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं