देशभर में गणेशोत्सव बहुत ही धूमधाम से मनाया जा रहा है. लेकिन साउथ में इसकी अलग ही धूम है. इस बीच तमिलनाडु में विजय-थीम वाली गणेश प्रतिमाओं को लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद पैदा हो गया है.मुख्यमंत्री विजय के सिग्नेचर लुक और अंदाज वाली गणेश प्रतिमाओं को तुरंत हटाने की मांग की गई है. ये मांग उठाई है तमिलनाडु बीजेपी प्रमुख नैनार नागेंद्रन ने.
नागेंद्रन ने चेन्नई के कोरुकुपेट में गंलवार को कथित तौर पर TVK अध्यक्ष और मुख्यमंत्री विजय के सिग्नेचर लुक वाली गणेश प्रतिमाओं को तुरंत हटाने की मांग की. उन्होंने कहा कि इससे लोगों की आध्यात्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचती है और पूजा का महत्व कम होता है.
सीएम विजय के रंग-रूप वाली प्रतिमाएं हटाने का आदेश
TVK सूत्रों के मुताबिक, कार्यकर्ताओं को प्रतिमाएं हटाने का निर्देश दिया गया है. जानकारी के मुताबिक, स्थानीय स्तर पर पिछले 8 सालों से ऐसी प्रतिमाएं स्थापित होती आ रही हैं. तमिलनाडु बीजेपी चीफ ने कहा कि लाखों भक्तों के पूजनीय और श्रद्धेय दिव्य स्वरूप को इस तरह से निजी महिमामंडन और राजनीतिक प्रचार के लिए इस्तेमाल करना घोर निंदनीय है. इससे लोगों की आध्यात्मिक भावनाओं का अनादर होता है.
बीजेपी ने सीएम विजय की चुप्पी पर उठाए सवाल
नागेंद्रन ने आरोप लगाया कि TVK नेतृत्व पार्टी कार्यकर्ताओं को धार्मिक आयोजनों का इस्तेमाल चुनावी प्रचार के साधन के रूप में करने की मौन सहमति देता है. उन्होंने ऐसी घटनाओं पर विजय की चुप्पी पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि पवित्र त्योहार को राजनीतिक स्वार्थ का जरिया बनाने और ईश्वर की पूजा को चुनावी प्रचार में बदलने जैसी हरकतें करने वालों पर सीएम विजय शुरुआत से ही चुप्पी साधे रहे हैं, इसी वजह से ऐसी हरकतें जारी हैं.
नागेंद्रन ने अधिकारियों से विवादित मूर्ति को तुरंत हटाने और आयोजकों को गिरफ्तार करने की मांग की. इस विवाद ने तमिलनाडु में सार्वजनिक त्योहारों के दौरान राजनीतिक तस्वीरों के इस्तेमाल पर फिर से लोगों का ध्यान खींचा है.
ये भी पढ़ें-"महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक भाषा बर्दाश्त नहीं की जाएगी": त्रिशा विवाद के बाद CM विजय
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं