- सीएम फडणवीस ने महाराष्ट्र के 2026-27 के बजट में किसानों के दो लाख रुपये तक कर्जमाफी की घोषणा की है
- नियमित कर्ज चुकाने वाले किसानों को 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी
- लाडकी बहिन योजना को जारी रखने की बात कही गई है, योजना के लिए फिलहाल वेरिफिकेशन प्रक्रिया चल रही है
महाराष्ट्र का 2026-27 का बजट आज पेश किया जा रहा है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बजट पेश कर रहे हैं. इसमें उन्होंने किसानों की कर्जमाफी का ऐलान किया. सीएम फडणवीस ने ऐलान किया कि किसानों का 2 लाख रुपये तक का कर्ज माफ किया जाएगा. उन्होंने यह भी ऐलान किया कि जो किसान नियमित रूप से अपना कर्ज चुका रहे हैं, उन्हें 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी. उनका कहना है कि इस योजना का उद्देश्य किसानों को आर्थिक राहत देना और समय पर कर्ज चुकाने वाले किसानों को प्रोत्साहित करना है.
बजट पेश करते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने यह भी साफ किया कि 'लाडकी बहिन योजना' हमेशा के लिए चलती रहेगी और इसके लिए काफी पैसा दिया गया है. उन्होंने बताया कि अभी वेरिफिकेशन चल रहा है और प्रोसेस पूरा होने के बाद सही इंतजाम किए जाएंगे.
हालांकि, अभी इस योजना के लिए कोई फंड नहीं दिया है, क्योंकि वेरिफिकेशन का प्रोसेस चल रहा है. सीएम फडणवीस ने बताया कि अभी तक 37 लाख महिलाएं 'लखपति दीदी' बन चुकी हैं और 25 लाख महिलाओं को 'लखपति दीदी' बनाने का टारगेट है.
अजित पवार को किया याद
अजित पवार के पास वित्त मंत्रालय था. 28 जनवरी को विमान हादसे में उनका निधन हो गया था. विधानसभा में बजट पेश करते हुए सीएम फडणवीस ने अजित पवार को भी याद किया. उन्होंने कहा, 'आज मेरे लिए बजट पेश करना मुश्किल है क्योंकि अजित पवार, जिन्होंने 11 बार राज्य का बजट पेश किया, उनकी जगह कोई नहीं भर सकता. मैं उनके लिए एक मेमोरियल और उनके नाम पर एक सिविलियन अवॉर्ड की घोषणा करता हूं.'
और क्या-क्या ऐलान किए?
बजट पेश करते हुए फडणवीस ने कहा कि इस साल महिला किसानों का इंटरनेशनल ईयर घोषित किया गया है. इस मौके पर महिला चरवाहों, मुर्गी पालन करने वालों और बकरी पालन करने वालों के लिए खास इंसेंटिव प्रोग्राम लागू करेंगे.
देवेंद्र फडणवीस ने बजट में किसानों की कर्जमाफी का भी ऐलान किया. उन्होंने बताया कि कर्जमाफी योजना के तहत जिन किसानों का कर्ज 30 सितंबर 2025 तक पेंडिंग होगा, उन सभी का 2 लाख रुपये तक का कर्ज माफ किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि सरकार ने 300 अरब डॉलर की इकॉनमी का टारगेट रखा है. उन्होंने ऐलान किया कि महाराष्ट्र की तीसरी फिल्म सिटी नागपुर में बनाई जाएगी और फिल्म प्रोडक्शन के लिए जरूरी मदद दी जाएगी. उन्होंने यह भी बताया कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर पर 5 स्टेशनों का काम 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है.
अर्बन डेवलपमेंट के लिए क्या?
सीएम फडणवीस ने ऐलान किया कि 'थर्ड मुंबई' को नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ रायगढ़ में एक ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट के तौर पर डेवलप किया जाएगा. 'फोर्थ मुंबई' को वधवन में डेवलप किया जाएगा. उन्होंने ऐलान किया कि मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) में 10 लाख नए घर बनाए जाएंगे. साथ ही बिना इजाजत वाले कंस्ट्रक्शन रोकने के लिए रोडमैप तैयार किया जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं