- देश की प्रमुख पार्टियों ने एक दिन पहले जंतर-मंतर पर हुए लाठी चार्ज को लेकर पहले संसद नहीं चलने दिया.
- फिर राहुल गांधी समेत कांग्रेस पार्टी PM आवास के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे. अब कोलकाता से बड़ी खबर आई है.
- ममता बनर्जी ने कहा है कि अगर जरूरत पड़ी तो वो CJP के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने दिल्ली आएंगी.
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को बड़ा एलान किया. उन्होंने कहा कि वह NEET पेपर लीक के मुद्दे पर दिल्ली में चल रहे CJP के आंदोलन में शामिल होंगी.
कोलकाता में मंगलवार को टीएमसी की शहीद दिवस रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा, "हमने शुरू से ही CJP का समर्थन किया है. जरूरत पड़ने पर मैं दिल्ली जाकर उनके विरोध प्रदर्शन में शामिल होऊंगी."
वो बोलीं, "अब समय आ गया है कि बीजेपी के खिलाफ INDIA गठबंधन के बैनर तले सभी एकजुट हों." उन्होंने समूचे देश और पश्चिम बंगाल की राजनीतिक पार्टियों से एकजुट होने की अपील की.
Pure. Organic. Unadulterated.
— All India Trinamool Congress (@AITCofficial) July 21, 2026
This is the love and faith that people have in @MamataOfficial.
Today's record-breaking turnout was a spontaneous, resounding expression of the deep bond she shares with the people.
Some relationships transcend politics. They are built on trust,… pic.twitter.com/dExcMsLZRB
दिल्ली में सोमवार को हुए विरोध प्रदर्शन पर पुलिसिया कार्रवाई का जिक्र करते हुए ममता बनर्जी ने बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार पर तानाशाही का आरोप भी लगाया और कहा कि विपक्ष की लड़ाई लोकतंत्र की रक्षा के लिए है.
इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, डिंपल यादव और आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने इस प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया है. अरविंद केजरीवाल भी जंतर-मंतर पर 16 जुलाई को सोनम वांगचुक से मिलने गए थे.
ममता ने बंगाल की बीजेपी सरकार पर मढ़ा आरोप
ममता ने टीएमसी के शहीद दिवस कार्यक्रम में बाधा डालने की कोशिश करने का आरोप भी बीजेपी पर मढ़ा. उन्होंने दावा किया कि सोमवार रात बंदूकें लिए हुए लगभग 600 बाइक सवार मंच को नुकसान पहुंचाने के इरादे से कार्यक्रम स्थल के पास पहुंचे थे.
उन्होंने आरोप लगाया, "कल रात, अभिषेक, अन्य नेताओं और मैंने बीजेपी के लगातार हमलों से शहीद दिवस के मंच की सुरक्षा की." उन्होंने कहा कि कई बार सूचना देने के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की.
उन्होंने पश्चिम बंगाल में बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार पर डर का माहौल बनाने का आरोप भी लगाया और कहा कि टीएमसी के कई कार्यकर्ताओं की हत्या की गई या उन्हें परेशान किया गया.

Photo Credit: TMC
बनर्जी ने कहा कि वह जल्द ही राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा करेंगी और उन्हें यात्रा करने से रोकने की कोशिश करने वालों को चुनौती दी.
ममता बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के नेताओं के खिलाफ 14 हजार से अधिक मामले दर्ज किए गए और दावा किया गया कि अकेले अभिषेक बनर्जी के खिलाफ ही 400 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं.
इस दौरान ममता बनर्जी ने कहा कि जो लोग उनकी पार्टी को छोड़कर गए हैं वो उन्हें वापस नहीं आने देंगी. यह बात उन्होंने बागी नेताओं और सांसदों के संदर्भ में कही.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं