विज्ञापन

सुबह स्पीकर से मिले राहुल, फिर छात्रों का जाना हाल, शाम में धरने पर बैठे... 7 पॉइंट में समझें क्या-क्या हुआ

राहुल गांधी की अगुवाई में मंगलवार को विपक्षी सांसद प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठ गए. बाद में पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया. हालांकि, कुछ घंटों बाद सभी को रिहा कर दिया.

सुबह स्पीकर से मिले राहुल, फिर छात्रों का जाना हाल, शाम में धरने पर बैठे... 7 पॉइंट में समझें क्या-क्या हुआ
राहुल गांधी समेत कई कांग्रेसी सांसद PM आवास के बाहर धरने पर बैठ गए थे.
PTI
नई दिल्ली:

नीट पेपर लीक और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जारी प्रदर्शन मंगसवार को प्रधानमंत्री आवास तक पहुंच गया. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई सांसद प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठ गए. 

प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने राहुल गांधी से बात करके मनाने की कोशिश की लेकिन विपक्ष माना नहीं. इसके बाद राहुल गांधी समेत विपक्षी सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की भी मांग की. मान-मनौवल के बाद भी जब विपक्षी सांसद हटे नहीं, तो पुलिस धरना देने वाले सांसदों को उठाकर ले गई.

राहुल गांधी को जहां छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया तो वहीं प्रियंका गांधी वाड्रा को पुलिस मंदिर मार्ग थाने ले गई. कई घंटों बाद दोनों को रिहा कर दिया गया.

प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरने के लिए विपक्ष ने एक बड़ी रणनीति बनाई थी. आखिरी वक्त तक पता नहीं चल सका कि विपक्ष प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना देने वाला है. राहुल गांधी ने सुबह लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात की थी और शाम होते-होते तक वह विपक्षी सांसदों के साथ प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठ गए. ऐसे में जानते हैं कि सुबह से लेकर शाम तक क्या-क्या हुआ?

आज दिनभर क्या-क्या हुआ?

1. स्पीकर से मीटिंग: सुबह 'INDIA' ब्लॉक की मीटिंग के बाद राहुल गांधी ने स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात की और पेपर लीक और छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई पर चर्चा की मांग की.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: PTI

2. घायल छात्रों से मुलाकात: हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही 12 बजे दूसरी बार स्थगित होने के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी घायल छात्रों से मिलने RML अस्पताल पहुंचे.

3. खरगे के घर पहुंचने का आदेश: दो बजे संसद की कार्यवाही बुधवार तक के लिए स्थगित हो गई. इसके बाद कांग्रेस सांसदों को मल्लिकार्जुन खरगे के घर 10 राजाजी मार्ग पर इकट्ठा होने को कहा गया. सांसदों को लगा कि कांग्रेस अध्यक्ष के जन्मदिन का कार्यक्रम होगा. 

4. खरगे के घर बनी रणनीति: करीब 50 सांसदों के पहुंचने पर उन्हें रणनीति बताई गई और सवा तीन बजे के करीब राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की अगुवाई में कांग्रेस सांसदों ने मार्च शुरू किया और पीएम आवास के पिछले गेट पर धरने पर बैठ गए. खरगे के घर से पीएम आवास के पिछले गेट की दूरी एक किलोमीटर से भी कम है. साढ़े तीन बजे तक कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता धरना स्थल पर पहुंचने लगे. धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने हाथों में हथकड़ियां पहनकर छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई का सांकेतिक विरोध किया.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: PTI

5. जितेंद्र सिंह मनाने पहुंचे: करीब एक घंटे बाद केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह राहुल गांधी से मिलने पहुंचे. बातचीत बेनतीजा रही. इसके बाद जितेंद्र सिंह ने बताया कि पेपर लीक पर चर्चा के लिए सरकार तैयार थी लेकिन फिर राहुल गांधी ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग रख दी. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जैसे नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष का अपनी बात से पीछे हटना 'दुर्भाग्यपूर्ण' है और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है.

6. पुलिस ने हिरासत में लिया: करीब साढ़े छह बजे अखिलेश यादव भी पहुंच गए. कुछ देर बाद ही 7 बजे तक पुलिस ने राहुल, अखिलेश, प्रियंका समेत सभी नेताओं को हिरासत में ले लिया. हिरासत में लिए जाने के बाद राहुल गांधी ने कहा कि सरकार चाहे कुछ भी कर ले, इंसाफ की लड़ाई नहीं रुकने वाली है. 

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: PTI

7. आखिरकार रिहाई: हिरासत में लेने के बाद पुलिस बस में बैठाकर राहुल गांधी को मॉडल टाउन इलाके में छत्रसाल स्टेडियम ले जाया, जबकि पुलिस प्रियंका गांधी को मंदिर मार्ग थाने ले गई. रात 9 बजकर 5 मिनट पर हिरासत में सभी नेताओं को छोड़ दिया गया. रिहा होने के बाद प्रियंका ने कहा कि बच्चों की बात सुनने में क्या दिक्कत है? उनकी मांग जायज है.

राहुल गांधी ने की 5 मांगें

छत्रसाल स्टेडियम में हिरासत में रहने के दौरान राहुल गांधी ने अपनी मांगों को लेकर एक वीडियो बनाया था, जिसे देर रात रिलीज किया गया है. इस वीडियो के जरिए उन्होंने अपनी 5 मांगें रखी हैं:- 

  • धर्मेंद्र प्रधान और अमित शाह इस्तीफा दें.
  • छात्रों की पिटाई करने वालों पर कार्रवाई और छात्रों पर किए गए मुकदमे हटाए जाएं.
  • संसद में कल इस मुद्दे पर चर्चा हो.
  • कल जो हुआ उसके लिए पीएम माफ़ी मांगें.
  • जल्द शिक्षा और परीक्षा के सुधार शुरू करें.

अब आगे क्या होगा?

पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष हमलावर हो गया है. बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह 'INDIA' ब्लॉक की एक बैठक बुलाई है, जिसमें आगे की रणनीति पर चर्चा होगी. ये बैठक सुबह 10 बजे होगी. 
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rahul Gandhi, Priyanka Gandhi, PM Narendra Modi, Congress Protest, NEET Paper Leak
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com