- झारखंड CID ने 14वीं JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच के लिए तीन सदस्यों को समन जारी किया
- डॉ. अजिता भट्टाचार्य, डॉ. अनिमा हांसदा और डॉ. जमाल अहमद से सोमवार से पूछताछ होगी
- इन तीनों सदस्यों की नियुक्ति सितंबर 2021 में झारखंड कैबिनेट की मंजूरी के बाद की गई थी
14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही झारखंड सीआईडी ने मामले में बड़ा कदम उठाया है. सीआईडी ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के तीनों वर्तमान सदस्यों डॉ. अजिता भट्टाचार्य, डॉ. अनिमा हांसदा और डॉ. जमाल अहमद को पूछताछ के लिए समन जारी किया है. तीनों सदस्यों से सोमवार से पूछताछ की जाएगी.
CID कर रही जांच
बता दें कि सीआईडी की टीम 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है. इसी क्रम में आयोग के सदस्यों से परीक्षा प्रक्रिया, निर्णयों और अन्य संबंधित बिंदुओं पर सवाल-जवाब किए जाएंगे.
गौरतलब है कि डॉ. अजिता भट्टाचार्य, डॉ. अनिमा हांसदा और डॉ. जमाल अहमद की नियुक्ति 2 सितंबर 2021 को हुई थी. इससे पहले अगस्त 2021 में झारखंड कैबिनेट ने इनके नामों को मंजूरी दी थी, जिसके बाद इनकी नियुक्ति की आधिकारिक प्रक्रिया पूरी की गई थी.
अब तक 19 लोग गिरफ्तार
14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर सीआईडी 19 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और लगातार जांच का दायरा बढ़ा रही है. आयोग के तीनों सदस्यों को समन जारी किया जाना इस मामले में अब तक की सबसे अहम कार्रवाई मानी जा रही है. अब सभी की नजर सोमवार से शुरू होने वाली पूछताछ पर रहेगी, जिससे जांच में नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.
यह भी पढ़ें: पेपर लीक गिरोह में BARC का टेक्नीशियन गिरफ्तार, पैसे नहीं मिले तो परीक्षार्थियों के अपहरण की रची साजिश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं