- चेन्नई के नीलगिरि में एक पर्यटक सेल्फी लेने के प्रयास में 100 फुट गहरी घाटी में गिर गया था
- फायर ब्रिगेड और सैन्य कर्मियों ने रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन कर उसे सुरक्षित बाहर निकाला था
- पीड़ित की पहचान चेंगलपट्टू जिले के शिवगुरुनाथन के रूप में हुई और उसकी हालत स्थिर है
सेल्फी के चक्कर में देशभर में न जाने कितने लोग हादसे का शिकार हो चुके हैं. लेकिन फिर भी सेल्फी की यलत है कि छूटती नहीं. नदी से लेकर पहाड़ों तक, लोग कहीं भी मोबाइल निकालते हैं और सेल्फी लेने लगते हैं. इस चस्के के चक्कर में हादसों का शिकार हो जाते हैं. ताजा मामला चेन्नई के नीलगिरि के एक टूरिस्ट प्लेस का है. यहां पर एक शख्स सेल्फी लेने की कोशिश में 100 फुट से ज्यादा गहरी घाटी में जा गिरा. उसे बचाने के लिए रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चला.
सेल्फी का शौक पड़ा महंगा, खाई में गिरा
गनीमत ये रही कि उसको रेस्क्यू कर लिया गया, वरना उसकी जान भी जा सकती थी. शख्स जैसे ही गहरी घाटी में गिरा फायर ब्रिगेड और अन्य सैन्य कर्मियों ने उसे बाहर निकालने के लिए रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, तब जाकर उसे बचाया जा सका. पीड़ित की पहचान चेंगलपट्टू जिले के शिवगुरुनाथन के तौर पर हुई है. गुरुवार को वह घूमने के लिए नीडल रॉक व्यू प्वाइंट पहुंचा था. सेल्फी लेने के चक्कर में वह फिसलकर 100 फुट से ज्यादा गहरी घाटी में गिर गया.
ये भी पढ़ें- VIDEO: मौत बस छूकर निकल गई... लेबनान में रिपोर्टिंग कर रहा था पत्रकार और पीछे धमाके के साथ गिरी मिसाइल
खाई से निकालने के लिए रातभर चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
इस हादसे के बाद टूरिस्ट प्लेस पर हड़कंप मच गया. रेस्क्यू टीम तुरंत एक्टिव हो गई लेकिन विजिविलटी कम होने और काफी चुनौतीपूर्ण इलाका होने की वजह से उसका पता लगाने में काफी समय लग गया. स्थानीय कोशिशें उसे बचाने के लिए काफी नहीं थीं. जिसके बाद अधिकारियों ने वेलिंगटन स्थित सैन्य छावनी से मदद मांगी. सशस्त्र बलों ने फायर ब्रिगेड और बचाव दलों के साथ मिलकर काम किया. मिशन को अंजाम देने के लिए उन्होंने विशेष उपकरण और रस्सियों का इस्तेमाल किया. कम रोशनी और ऊबड़-खाबड़ जगह जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी इन टीमों ने हार नहीं मानी. ये टीमें रात भर कोशिश में जुटी रहीं.
मुश्किल में फंसी पर्यटक की जान
आखिरकार बचाव दल उस तक पहुंचने में कामयाब रहा. हालांकि घाटी गहरी होने और पथरीला रास्ता होने की वजह से उसको बाहर निकालना काफी मुश्किल भरा रहा. लेकिन रेस्क्यू टीम ने ये कर दिखाया. पीड़ित को बाहर निकालने के बाद उसे तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया. पुलिस अधिकारी ने एनडीटीवी से कहा, "रात भर कड़ी मेहनत के बाद शुक्रवार सुबह ही रस्सियों की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया." इसके बाद उसे तुरंत इलाज के लिए भेजा गया. उसकी हालात अब स्थिर है. लेकिन उसे डॉक्टर्स की निगरानी में रखा गया है."
इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में पर्यटकों के लापरवाही भरे व्यवहार को लेकर चिंता बढ़ा दी हैं. इस हादसे के बाद अधिकारियों ने पर्यटकों से सावधानी बरतने और फोटो लेते समय चट्टानों के बहुत ज्यादा किनारे पर न जाने की अपील की है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं