विज्ञापन

जनगणना और आपकी जेब: आम आदमी पर क्या असर

भारत में जनगणना सिर्फ लोगों की गिनती नहीं है, यह आपकी जेब, आपकी सुविधाओं और आपके हक का पूरा हिसाब है. आज भी देश की कई बड़ी योजनाएं और बजट फैसले 2011 के आंकड़ों पर टिके हैं. 16 साल पुराना यह डेटा आज की हकीकत से कितना पीछे है, यही 2026 की जनगणना तय करेगी और इसका असर सीधा आपकी जिंदगी पर पड़ेगा.

जनगणना और आपकी जेब: आम आदमी पर क्या असर
नई दिल्ली:

आपकी गाड़ी जाम में फंसती है. आपके बच्चे को सरकारी स्कूल में एडमिशन नहीं मिलता. आपका नंबर आने से पहले दुकान पर राशन खत्म हो जाता है. ये सिर्फ रोजमर्रा की परेशानियां नहीं हैं. ये सीधे उस डेटा की कहानी है जो देश की नीतियों को चलाता है. भारत में जनगणना सिर्फ लोगों की गिनती नहीं है, यह आपकी जेब, आपकी सुविधाओं और आपके हक का पूरा हिसाब है. आज भी देश की कई बड़ी योजनाएं और बजट फैसले Census of India 2011 के आंकड़ों पर टिके हैं. 16 साल पुराना यह डेटा आज की हकीकत से कितना पीछे है, यही 2026 की जनगणना तय करेगी और इसका असर सीधा आपकी जिंदगी पर पड़ेगा.

जहां सबसे ज्यादा फर्क दिखता है

1. सरकारी राशन पर सीधा असर

भारत में करोड़ों लोग आज भी सरकारी राशन पर निर्भर हैं. नेशनल फूड सिक्योरिटी एक्ट कहता है कि बड़ी आबादी को सस्ता अनाज मिलना चाहिए. लेकिन हकीकत क्या है? कई गरीब परिवार लिस्ट से बाहर हैं. नए बने परिवारों का नाम दर्ज नहीं है. शहरों में आए मजदूरों को राशन कार्ड नहीं मिलता. यानी जनसंख्या तो बढ़ी है, लेकिन सरकारों के पास डेटा वही पुराना है.

यह भी पढ़ें- जनगणना 2026-27: लंबी पूछताछ से मिलेगी छुट्टी! यहां जानिए डिजिटल जनगणना के हर सवाल का जवाब

2. रसोई का बजट: गैस या फिर लकड़ी?

प्रधानमंत्री उज्जवला योजना का मकसद था कि हर गरीब घर तक गैस पहुंचे. लेकिन पुराने डेटा की वजह से कई नए गरीब परिवार स्कीम से बाहर हैं. माइग्रेंट मजदूरों के पास गैस कनेक्शन नहीं है. सब्सिडी का लाभ सीमित हो रहाहै. 

3. शिक्षा: सीट कम, बच्चे ज्यादा

हर माता-पिता चाहते हैं कि उनका बच्चा पढ़े. लेकिन सरकारी स्कूलों में सीटें कम पड़ रही हैं. क्लासरूम में जरूरत से ज्यादा बच्चे हैं. टीचर्स की संख्या भी पुराने अनुमान पर है. ऐसा इसलिए क्योंकि स्कूल प्लानिंग उस समय की है जब आबादी कम थी. नए आंकड़े आने से यह चीजें सुधरेंगी.

4. इलाज: बीमारी से ज्यादा सिस्टम भारी

सरकारी अस्पतालों की हालत ये है कि लंबी कतारें लोगों के लिए मुश्किलें पैदा कर रही हैं. डॉक्टर कम हैं, मरीज ज्यादा हैं. मरीजों के हिसाब से दवाइयां खत्म हो जाती हैं. यह सिर्फ हेल्थ सिस्टम की कमजोरी नहीं है. यह गलत डेटा का असर है. अगर सरकार को पता ही नहीं कि कितने लोग हैं, तो इलाज का इंतजाम कैसे सही होगा?

यह भी पढ़ें- Census 2027: जनगणना में बने बाधा, तो तीन साल की होगी जेल, 1000 रुपये लगेगा जुर्माना, जानिए नियम और कानून

5. रोजगार: काम की जरूरत, बजट की कमी

विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) के लिए गारंटी (VB-G RAM G) जैसी योजनाएं गांवों में सहारा रही हैं. लेकिन काम मांगने वाले ज्यादा हैं जबकि बजट सीमित है. कई जगह काम की डिमांड पूरी नहीं होती. पुराने आंकड़ों के हिसाब से पैसा और रोजगार दोनों कम हैं. 

शहरों की असली कहानी: भीड़ बढ़ी, सुविधा नहीं

भारत तेजी से शहरी हो रहा है. लेकिन शहरों की प्लानिंग बिल्कुल फेल नजर आ रही है. पुरानी सड़कों पर नई-नई गाड़ियां दौड़ रही हैं. शहरों में गाड़ियों की संख्या तो बढ़ी है. लेकिन न तो सड़कें चौड़ी हुईं, न ट्रैफिक मैनेज करने के लिए कोई खास इंतजाम किए गए. 

आबादी ज्यादा हुई है लेकिन पानी की सप्लाई वही है. नतीजतन राजधानी दिल्ली जैसे तमाम बड़े शहरों में गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत की खबरें सामने आती रहती हैं. 

बिजली का लोड बढ़ा है, क्योंकि सरकारों के पास उचित डेटा ही नहीं है, कि कितने लोगों का पलायन कहां हुआ है. इसका एक असर घरों के किराए पर भी देखने को मिलता है. लोग नौकरी करने दूसरे शहर जा रहे हैं. उन शहरों में मकानों की मांग ज्यादा है, जबकि घर कम हैं.  यानी शहरों में रहने की कीमत हर साल बढ़ रही है और इसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर है.

माइग्रेंट भारत: जो दिखता नहीं, वही सबसे ज्यादा परेशान

देश का सबसे बड़ा अनदेखा वर्ग है माइग्रेंट वर्कर्स. लोग गांव से शहर तो आ गए, लेकिन रिकॉर्ड में दर्ज नहीं हैं. शहर में रहते हैं, लेकिन अधिकार नहीं हैं. वोट-राशन कार्ड जैसे बेसिक कागज अब भी गांव के पते पर बने हैं. कोविड के समय जो तस्वीर दिखी, वह आज भी पूरी तरह नहीं बदली. जब तक जनगणना में इनकी सही गिनती नहीं होगी, ये लोग सिस्टम के बाहर ही रहेंगे.

महंगाई और जनगणना: सीधा कनेक्शन

यह सिर्फ डेटा की कहानी नहीं है. यह आपकी जेब की कहानी है. जब सरकारी सप्लाई कम और मांग ज्यादा हो रही है तो लोगों को बाजार से महंगा सामान खरीदना पड़ता है. प्राइवेट स्कूल/अस्पताल का खर्च बढ़ रहा है. किराया और ट्रांसपोर्ट महंगा हो रहा है. यानी आम आदमी का हर महीने का बजट बिगड़ता है.

एक आम परिवार का गणित 

मान लीजिए मेरठ में रामू का एक परिवार रहता है. उसकी पत्नी और 3 बच्चे हैं. 2011 के डेटा में उनका परिवार '4 सदस्यों' का दर्ज है. लेकिन 2026 में उनके बच्चों की भी शादी हो गई और परिवार अब 9 लोगों का हो गया है. इसमें से भी उनके दो बेटे मेरठ छोड़कर दिल्ली या किसी और शहर में नौकरी करने चले गए हैं. ऐसे में सरकार के पास उनके परिवार का सही रिकॉर्ड ही मौजूद नहीं है. यानी यह जनगणना रामू जैसे परिवार के लिए सिर्फ गिनती नहीं है बल्कि सरकार को यह परिवार का रिकॉर्ड रखने में मदद मिलेगी. 

महिलाओं और बच्चों पर सबसे ज्यादा असर

जनगणना का सबसे बड़ा और सीधा असर महिलाओं, बच्चों और गर्भवती महिलाओं पर पड़ता है. सरकारी योजनाओं की रूपरेखा और उनका लाभ इन्हीं आंकड़ों पर टिका होता है. महिलाओं के लिए LPG सब्सिडी, पोषण और स्वास्थ्य सेवाएं, बच्चों के लिए स्कूल, मिड‑डे मील और टीकाकरण जैसी योजनाएं तथा गर्भवती महिलाओं के लिए पोषण योजनाएं. सब कुछ जनगणना के डेटा पर निर्भर करता है. अगर आंकड़े गलत या अधूरे हों, तो इन वर्गों की जरूरतें भी सिस्टम की नजरों से ओझल हो जाती हैं.

यह भी पढ़ें- परिसीमन का विरोध कर अपना ही नुकसान तो नहीं कर रहे हैं दक्षिण के राज्य? क्या है संवैधानिक व्यवस्था

2026 की जनगणना: क्या सच में कुछ बदलेगा?

अगर 2026 की जनगणना सही तरीके से और पूरी पारदर्शिता के साथ की गई, तो इसके दूरगामी असर देखने को मिल सकते हैं. इससे हर परिवार का अपडेटेड रिकॉर्ड तैयार होगा, नए गरीब और प्रवासी आबादी को योजनाओं के दायरे में लाया जा सकेगा और सही जगह पर सही बजट आवंटन संभव होगा. साथ ही शहरों और गांवों की बेहतर प्लानिंग का रास्ता खुलेगा. सरकार को पहली बार साफ तस्वीर मिलेगी कि देश में कितने लोग रहते हैं, कहां रहते हैं और उन्हें वास्तव में उन्हें किन चीजों की जरूरत है.

जनगणना सिर्फ एक सरकारी औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह आम लोगों के हक से जुड़ा मसला है. यही तय करती है कि किसी व्यक्ति या परिवार को उसका हक मिलेगा या नहीं, उसकी जरूरतों को पहचाना जाएगा या नहीं और नीतियों का बोझ उसकी जेब पर कितना पड़ेगा. जब डेटा सही होता है, तभी सिस्टम सही तरीके से काम कर सकेगा और जब सिस्टम सही चलेगा, तभी आम आदमी की जिंदगी थोड़ी आसान बन पाएगी.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com