- बंगाल के CM शुभेंदु के PA चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में CBI ने पांचवें आरोपी विनय राय को वाराणसी से गिरफ्तार किया.
- विनय राय गाजीपुर का रहने वाला है और इस हत्याकांड की साजिश में उसकी अहम भूमिका बताई जा रही है.
- इससे पहले आरोपी राजकुमार को दिल्ली क्राइम ब्रांच और UP पुलिस की संयुक्त टीम ने मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया था.
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांचवें आरोपी विनय राय को वाराणसी (बनारस) से गिरफ्तार किया है. आरोपी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले का रहने वाला है और इस पूरी साजिश में उसकी अहम भूमिका बताई जा रही है. गिरफ्तारी के बाद सीबीआई टीम उसे ट्रांजिट पर लेकर पश्चिम बंगाल रवाना हो गई है.
साजिश में शामिल होने का आरोप
सीबीआई के अनुसार विनय राय इस हत्याकांड की साजिश में शामिल था और बाकी आरोपियों से उसके संपर्कों की जांच की जा रही है. यह इस मामले में एजेंसी की पांचवीं गिरफ्तारी है, जिससे जांच को बड़ा आधार मिला है.

वाराणसी से गिरफ्तार हुए विनय राय
पहले भी हुई थी बड़ी गिरफ्तारी
इससे पहले इस केस में आरोपी राजकुमार को दिल्ली क्राइम ब्रांच और यूपी पुलिस की संयुक्त टीम ने मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया था. वह हरिद्वार से दिल्ली भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने छपार टोल प्लाजा पर घेराबंदी कर उसे दबोच लिया.
यह भी पढ़ें- 66 जाति और 7% कोटा... पश्चिम बंगाल में OBC आरक्षण को लेकर शुभेंदु सरकार ने क्या कर दिया?
क्या है पूरा मामला?
यह घटना पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के मध्यग्राम (बरासत क्षेत्र) की है. विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के महज दो दिन बाद चंद्रनाथ रथ को देर रात गोली मार दी गई थी. गोली लगने के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
वायुसेना से जुड़े थे चंद्रनाथ रथ
चंद्रनाथ रथ पहले भारतीय वायुसेना में कार्यरत थे. स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने कुछ समय कॉर्पोरेट सेक्टर में काम किया और फिर धीरे-धीरे राजनीतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारियों में सक्रिय हो गए. साल 2019 में जब शुभेंदु अधिकारी ममता बनर्जी सरकार में मंत्री थे, उसी दौरान रथ उनकी टीम में शामिल हुए थे.
राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़ा परिवार
चंद्रनाथ रथ का परिवार भी राजनीति से जुड़ा रहा है. पहले उनका परिवार तृणमूल कांग्रेस से जुड़ा था. उनकी मां हसी रथ ने पूर्वी मेदिनीपुर में पंचायत स्तर पर पद संभाला था. बाद में जब शुभेंदु अधिकारी भाजपा में शामिल हुए, तो रथ का परिवार भी उनके साथ भाजपा में आ गया.
यह भी पढ़ें- बंगाल में शुभेंदु ने लगाई 'कट मनी प्रथा' पर लगाम, जानें क्या है ये?
नेटवर्क खंगालने में जुटी एजेंसियां
अब सीबीआई पूरे नेटवर्क के लिंक खंगालने में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस हत्याकांड के पीछे असल मास्टरमाइंड कौन है और किन‑किन लोगों की इसमें भूमिका रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं