विज्ञापन
This Article is From Dec 10, 2024

ममता को 'पगली' कहने से लेकर नीतीश पर 'आंख सेंकने...' के तंज तक, जब-जब लालू के बिगड़े बोल

लालू यादव ने सीएम नीतीश कुमार पर एक विवादित बयान देकर बिहार की राजनीति का माहौल गरमा दिया है. हालांकि, यह पहला मौका नहीं है, इससे पहले भी कई लालू विवादित बयान दे चुके हैं.

ममता को 'पगली' कहने से लेकर नीतीश पर 'आंख सेंकने...' के तंज तक, जब-जब लालू के बिगड़े बोल
लालू की नीतीश पर विवादित टिप्‍पणी...
नई दिल्‍ली:

'अरे पहले आंख सेके ना अपना, जा रहे हैं आंख सेंकने...', लालू यादव ने ये बात बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर कही है, जिस पर अब बवाल हो गया है. लालू यादव कब क्‍या कह दें, अंदाजा लगा पाना बेहद मुश्किल है. कई बार लालू अन्‍य नेताओं के खिलाफ ऐसी टिप्‍पणी भी कर देते हैं, जिससे विवाद खड़ा होता है. तृणमूल कांग्रेस नेता ममता बनर्जी को 'पगली' कहने से लेकर नीतीश कुमार पर 'आंख सेंकने जा रहे' बयान तक, लालू के बिगड़े बोल की फेहरिस्‍त काफी लंबी है. आइए आपको बताते हैं लालू यादव के कुछ बिगड़े बोल के किस्‍से...! 

लालू की नीतीश पर विवादित टिप्‍पणी 

बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार महिला संवाद यात्रा निकालने जा रहे हैं. नीतीश कैबिनेट ने महिला संवाद कार्यक्रम के आयोजन को मंजूरी दी है. नीतीश की यात्रा को लेकर जब लालू यादव से सवाल किया गया, तो उन्‍होंने मीडिया से कहा, 'अरे पहले आंख सेंके ना अपना, जा रहे हैं आंख सेंकने...' उन्होंने कहा, 'वे (नीतीश कुमार) तो अपने नैन सेंकने जा रहे हैं. जब उनसे पूछा गया कि नीतीश कुमार दावा कर रहे हैं कि साल 2025 के चुनाव में एनडीए बिहार में 225 सीट जीतेगा. इस सवाल पर लालू यादव ने कहा कि पहले आंख सेंकें न अपना. जा रहे हैं आंख सेंकने. 

लालू ने ममता को कह दिया था 'पगली'

लालू यादव ने एक बार ममता बनर्जी को संसद की कार्यवाही के बीच 'पगली' तक कह दिया था. बात 1999 की है, जब लालू यादव लोकसभा में बयान दे रहे थे. इस दौरान उनकी ममता बनर्जी से तीखी बहस हो गई. अविश्वास प्रस्ताव पर सदन में बहस चल रही थी. इस दौरान लालू प्रसाद यादव ने ममता बनर्जी से पूछा- "क्या ये बात सही नहीं है कि रेल मांगा गया था...?" लालू यादव ये सवाल ममता बनर्जी की ओर देखकर कह रहे थे. इस पर ममता बनर्जी ने तपाक से जवाब में कह दिया- "नहीं मांगा था." इस पर लालू यादव भड़क गए और कहा- "नहीं मांगा गया था, तो नहीं मिलेगा, अब कभी भी... पगली." ये सुनकर सदन  में सभी ठहाके लगाने लगे.

वाजपेयी को बोल दिया- अब तो देश की जान छोड़िए...!

लालू यादव का संसद में दिया गया वो बयान आज तक याद किया जाता है, जब उन्‍होंने अटल बिहारी वाजपेयी को कह दिया था कि अब प्रधानमंत्री की कुर्सी छोड़ दीजिए. लालू ने तब कहा था- 'नेहरू(पंडित जवाहर लाल नेहरू) ने आपके (अटल बिहारी वाजपेयी) बारे में यह भविष्यवाणी की थी कि आप एक दिन इस देश के प्रधानमंत्री बनेंगे. आप एक बार प्रधानमंत्री बने, फिर दूसरी बार बने. अब आप दो बार प्रधानमंत्री बन चुके हैं... अब तो देश की जान छोड़िए.' लालू यादव के ये कहने का अंदाज इतना मजाकिया था कि अटल बिहारी वाजपेयी भी हंस पड़े थे.  

'दलित, पिछड़ा पीएम कैसे बन सकता है'

लालू यादव, लोकसभा में एक बार प्रधानमंत्री को घेरने की कोशिश कर रहे थे, तभी किसी ने पूछ लिया- 'आपको प्रधानमंत्री नहीं बनना?' इस पर लालू ने कहा- 'भई किसे प्रधानमंत्री बनने का मन नहीं करता है... मन तो मेरा भी बहुत होता है कि प्रधानमंत्री बनूं, लेकिन किसी हड़बड़ी में नहीं हूं.' लालू के इतना कहते ही सदन में बैठे सभी सदस्‍य हंस पड़े. इसके बाद लालू ने कहा, 'देश में उच्‍च वर्ग का वर्चस्‍व है. ऐसे में दलित, पिछड़ा या अल्‍पसंख्‍यक का पीएम कैसे बन सकता है. कौन लालू, मुलायम, मायावती या माइनॉरिटी के किसी आदमी को प्रधानमंत्री बनने देता है'  

राहुल गांधी दूल्हा बनें... हम बाराती बनेंगे

लालू यादव ने कुछ साल पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी को एक बैठक के दौरान शादी करने की सलाह दी थी. वाक्‍या विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की बैठक के दौरान का है, इस दौरान लालू यादव ने राहुल गांधी को जल्‍द से जल्‍द शादी करने की सलाह दी थी. लालू यादव ने इस दौरान कहा, 'राहुल गांधी दूल्हा बनें... हम बाराती बनेंगे.' लालू की बात पर सोनिया गांधी ने भी हामी भरी थी. लालू यादव ने कहा था कि सोनिया गांधी भी चाहती हैं कि राहुल गांधी शादी कर लें. इसलिए इन्‍हें शादी कर लेनी चाहिए. हम सब बारात में शामिल होंगे.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mamata Banerjee, Nitish Kumar, Lalu Yadav, Lalu Controversial Statement
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com