Bypoll Election Results 2023: कर्नाटक की 224 विधानसभा सीटों के अलावा शनिवार को 4 राज्यों की एक लोकसभा और 4 विधानसभा सीटों के भी नतीजे आ गए. आम आदमी पार्टी (AAP) ने पंजाब की जालंधर लोकसभा सीट जीत ली है. कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी की जनवरी में पार्टी की 'भारत जोड़ो' यात्रा के दौरान दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी. इसलिए इस सीट पर उपचुनाव हुआ.
वहीं, उत्तर प्रदेश की स्वार विधानसभा सीट पर बीजेपी और अपना दल (S) के प्रत्याशी की जीत हुई है. मिर्जापुर की छानबे सीट पर बीजेपी गठबंधन की प्रत्याशी 9 हजार वोटों से आगे चल रही हैं. इसके अलावा ओडिशा की झारसुगुड़ा सीट से बीजू जनता दल (BJD) और मेघालय की सोहियांग सीट से UDP ने जीत दर्ज की है.
उत्तर प्रदेश की स्वार सीट सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम को एक मामले में सजा सुनाये जाने के बाद उनकी सदस्यता रद्द होने के चलते रिक्त हुई थी. छानबे सीट बीजेपी के सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) के विधायक राहुल कोल के निधन की वजह से खाली हुई थी.
इसी तरह ओडिशा की झारसुगुडा सीट से विधायक और राज्य के तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री नब किशोर दास की 29 जनवरी को हत्या कर दी गई थी. जिसके बाद इस सीट पर उपचुनाव जरूरी हो गया था. वहीं, मेघालय की सोहियोंग सीट सीट पर यूडीपी के प्रत्याशी एचडीआर लिंगदोह के निधन के कारण चुनाव हुआ था.