विज्ञापन
This Article is From Jun 24, 2019

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में वाहन के खाई में गिरने से सात लोगों की मौत 

एसएसपी ने बताया कि टेम्पो राजौरी से रियासी के चासना गांव की तरफ जा रहा था तभी फिसलकर गहरी खाई में गिर गया.

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में वाहन के खाई में गिरने से सात लोगों की मौत 
प्रतीकात्मक चित्र
श्रीनगर:

जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में रविवार को एक यात्री वाहन के 600 फुट गहरी खाई में गिरने से सात लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (राजौरी) युगल मन्हास ने बताया कि यह दुर्घटना सीमावर्ती जिले के बुधाल के पास केवाल गांव में शाम करीब 4.15 बजे हुई. एसएसपी ने बताया कि टेम्पो राजौरी से रियासी के चासना गांव की तरफ जा रहा था तभी फिसलकर गहरी खाई में गिर गया. घटना के तुरंत बाद बचाव अभियान चलाया गया. अधिकारी ने कहा कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. उन्होंने कहा कि दो और घायलों को वहां से निकालने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है.

हिमाचल प्रदेश: डलहौजी से पठानकोट जा रही बस 200 फुट गहरी खाई में गिरी, 12 की मौत

गौरतलब है कि बस के खाई में गिरने का यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक बस के गहरे नाले में गिर जाने से 44 लोगों की मौत हो गई और 30 से अधिक घायल हो गए थे. कुल्लू की पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने कहा था कि निजी बस जिले की बंजार तहसील में धोथ मोड़ के पास 300 मीटर गहरे नाले में गिर गई. बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे. बंजार पटवारी शीतल कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि यह बस अपनी क्षमता से अधिक यात्रियों को ढो रही थी और उसके चालक ने ध्यान से गाड़ी नहीं चलाई. बस कुल्लु से गड़ गुशानी जा रही थी.

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में बस खाई में गिरी, पांच छात्रों समेत 6 की मौत

घटना की पीएम मोदी, हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और कांग्रेस अध्यक्ष ने भी इस दुखद दुर्घटना पर दुख प्रकट किया था. प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया था कि कुल्लू में हुई सड़क दुर्घटना से बेहद दुखी हूं. इस दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना. मैं घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना करता हूं. हिमाचल प्रदेश सरकार सभी संभव सहायता मुहैया करा रही है.'

पेड़ ने बचाई कई जिंदगियां, आईटीबीपी जवानों से भरी बस गिरी खाई में, 1 की मौत, 32 घायल

अधिकारियों ने बताया था कि ठाकुर ने इस मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं. घायलों का बंजार सिविल अस्पताल और कुल्लु जिला अस्पताल में इलाज चल रहा था . कुल्लु जिला प्रशासन ने प्रत्येक मृतक एवं घायल के निकटतम परिजन को 50 हजार रुपये की राहत राशि देने का ऐलान किया था.

राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा था कि हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में हुई बस दुर्घटना दुखद है. इस दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं. मैं इस क्षेत्र के कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं से पीड़ितों की मदद करने का अनुरोध करता हूं.' (इनपुट भाषा से) 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Accident In Jammu And Kashmir, Many Died In Bus Accident
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com