नई दिल्ली: चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग शनिवार को नई दिल्ली में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत आ रहे हैं. यह लगभग सात वर्षों में उनकी भारत की पहली यात्रा होगी. उनके साथ 67 लोगों का एक ग्रुप होगा. इस ग्रुप में सीनियर पॉलिटिकल फिगर्स, डिप्लोमैट, सिक्योरिटी ऑफिसर और मेडिकल स्टाफ शामिल होगा. भारत यात्रा के दौरान शी जिनपिंग की सुरक्षा हाई लेवल की होगी. वे जिस होटल में रुकेंगे, उस होटल के ऊपर नो-फ्लाई जोन रहेगा. आतंकवाद-रोधी बलों और विस्फोट-रोधी उपकरणों की तैनाती के अलावा शी जिनपिंग के आने से पहले होटल में एंटी न्यूक्लियर, एंटी रेडिएशन और एंटी बायोकेमिकल सिक्योरिटी की व्यापक जांच भी की जाएगी. यही नहीं, जमीन के नीचे मौजूद पाइपलाइन नेटवर्क की जांच की जाएगी.
10 दिन पहले भारत भेजा गया था प्लेन
बता दें, इस यात्रा से 10 दिन पहले चीन ने जिनपिंग की कार होंगकी (रेड फ्लैग) स्टेट लिमोजिन, एक बैकअप कार और कम्युनिकेशन इक्विपमेंट समेत कार्गो सामान से भरा एक प्लेन भेजा था. शी 24 घंटे भारत में रहेंगे और रविवार को सुबह करीब 11 बजे भारत मंडपम से एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे.

सैटेलाइट कम्युनिकेशन इक्विपमेंट की इजाजत नहीं
सैटेलाइट कम्युनिकेशन इक्विपमेंट की इजाजत नहीं है. बंदूक और गोला-बारूद के मामले में, पिस्तौल तो लाई जा सकती हैं, लेकिन सब-मशीन गन और एंटी-ड्रोन इक्विपमेंट जैसी चीजें इम्पोर्ट नहीं की जा सकतीं और एयरपोर्ट पर पहुंचने पर इन्हें कस्टम्स के पास जमा करना होगा. एक अधिकारी के मुताबिक, "विदेशी सरकारों की ओर से उठाए गए सुरक्षा से जुड़े सभी मुद्दों और चिंताओं पर MEA (विदेश मंत्रालय) के प्रोटोकॉल के तहत दिल्ली पुलिस और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है.
दिल्ली में चाक-चौबंद सुरक्षा, 700 से अधिक सीसीटीवी से निगरानी
राजधानी दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. दिल्ली पुलिस के अलावा सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं. जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है और आने-जाने वाली सभी गाड़ियों की चेकिंग की जा रही है. दिल्ली में अलग-अलग सेक्टर जोन में पुलिसकर्मियों की तैनाती है. सुरक्षा के लिए 15,000 पुलिसकर्मी और पैरामिलिट्री फोर्स की 200 कंपनियां लगाई गई हैं. तकनीकी उपकरण भी लगाए गए हैं, ताकि किसी भी खतरे का पता लगाया जा सके.
आईजीआई एयरपोर्ट से शांति पथ तक के रास्तों पर नजर रखने के लिए दिल्ली पुलिस ने 700 से अधिक सीसीटीवी कैमरे और पांच कंट्रोल रूम स्थापित किए है. तुगलक रोड पुलिस स्टेशन में एक खास सीसीटीवी कंट्रोल रूम भी बना है, जहां से लगभग 500 कैमरों की फीड देखी जा सकती है. रास्ते की सुरक्षा और ट्रैफिक कंट्रोल के लिए खास सर्विलांस कैमरे लगाए गए हैं.
यह भी पढ़ें- PM मोदी, जिनपिंग के शहर का 1300 साल पुराना कनेक्शन, 2014 में पहली कॉल में चीनी राष्ट्रपति ने खोला था राज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं