कांग्रेस के सीनियर नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि उत्तर प्रदेश में ब्राह्मणों को मारा जा रहा है. उन्होंने कहा कि उतर प्रदेश में लोगों इसलिए मारा जा रहा है कि उनके नाम के पीछे शर्मा, भारद्वाज, तिवारी, त्रिपाठी या पांडे लिखा हुआ है. कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा ब्राह्मण समाज के लोगों का तिरस्कार कर रही है. सुरजेवाला ने कहा कि जाति के नाम पर जो लोग ब्राह्मणों का तिरस्कार करते हैं, उन्हें जान लेना चाहिए कि ब्राह्मण क्या है. उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समानता और सम्मान की बात करता है. ब्राह्मण दूसरे का दुख लेता है और जख्मों पर मरहम लगाता है.
उत्तर प्रदेश में एनकाउंटरों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अपराधी की कोई जाति नहीं होती. यदि कोई अपराधी है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी ही चाहिए, भले ही वह किसी भी जाति का हो. लेकिन किसी एक समाज के लोगों को ही क्यों टारगेट किया जाता है. इस दौरान सुरजेवाला ने राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के प्रकरण पर भी बात की. उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम के मंदिर में लूट और डकैती हुई, मंदिर निर्माण में भक्तों के चढ़ावे का 40 % खाया गया. अब तो गृह सचिव कि मां के गहनों कि राम चरित मानस भी गायब हो गई. हिंदू समाज के लोगों को सोचना होगा कि बिल्ली दूध की रखवाली थी, लेकिन बिल्ली ने ही दूध पर डकैती डाल दी.
सुरजेवाला ने इस दौरान ब्राह्मणों के अपमान का आरोप हरियाणा सरकार पर भी लगाया. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के दौरान कैथल में एक पॉलिटेक्निक बना था, जिसका नाम हमने भगवान परशुराम पर रखा था. फिर जब इनकी सरकार आई तो नाम ही बदल दिया गया. आखिर ऐसी क्या परेशानी थी कि भगवान परशुराम के नाम पर बने संस्थान का ही नाम बदला गया. उन्होंने इस दौरान ब्राह्मण नेता रामबिलास शर्मा की भी बात की. उन्होंने कहा कि आज वही ब्राह्मण नेता हरियाणा में साइडलाइन है. उन्होंने न तो राज्यसभा में भेजा गया और न ही केंद्र या फिर राज्य में कोई मंत्री पद मिला. वह पहले ऐसे नेता रहे, जिनका टिकट काट दिया गया.
बोले- मुरली मनोहर, कलराज मिश्र जैसे ब्राह्मण नेता किए गए साइडलाइन
सुरजेवाला ने इस दौरान मुरली मनोहर जोशी को भी टिकट न मिलने की बात कही. उन्होंने कहा कि सुषमा स्वराज, कलराज मिश्र और शांताकुमार जैसे नेताओं को भी किनारे लगा दिया गया. ये सभी ब्राह्मण थे. उन्होंने कहा कि यूपी में भी आप देख लीजिए, एक भी ब्राह्मण लीडर अब अच्छी पोजिशन में नहीं बचा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं