आगरा में पति की हत्या कर बाथरूम में शव को दफनाने वाले मामले में एक के बाद एक नई परतें खुल रही हैं. आरोपी पत्नी रूबी ने पति सुरेंद्र की हत्या करने के बाद घर में ही बाथरूम में गड्ढा खोदकर शव दफन कर दिया था. इसके बाद रूबी ने एक राज मिस्त्री को बाथरूम का फर्श बनवाने के लिए बुलाया था. राज मिस्त्री रवि ने बताया कि जब वह घर पहुंचा, तो रूबी खुद ही बाथरूम में बाल्टी से कंक्रीट डाल रही थी. तब उन्हें इस बात की बिल्कुल भी भनक नहीं थी कि इस गड्ढे के नीचे उसके पति का शव दफनाया गया है.
बाथरूम का फर्श पूरा टूट हुआ था
राज मिस्त्री रवि ने बताया, 'करीब डेढ़ महीने पहले एक महिला का कॉल आया था कि उनके घर पर कुछ काम करवाना है, तो शाम को काम से लौटते समय मैं महिला के घर चला गया. मैं रूबी को पहले से नहीं जानता था. काफी समय पहले मैंने इस एरिया में काम किया था, तो शायद उन्होंने ही मेरा नंबर दिया होगा. रूबी के घर गया, तो उन्होंने बताया कि बाथरूम का फर्श टूट गया है, इसे बनवाना है. मेरे पति कहीं बाहर गए हैं. घर का ये हाल देखेंगे, तो बेहद नाराज हो जाएंगे. इसलिए ये फर्श अभी बना दो.'

रूबी बाल्टी से खुद मलबा डाल रही थी
राज मिस्त्री रवि ने बताया, 'रूबी जोर दे रही थी कि मैं तुरंत उस बाथरूम का फर्श बना दूं. इस दौरान मुझे यह भी देखकर बड़ी हैरानी हुई कि रूबी खुद ही बाल्टी से गड्ढे पर कंक्रीट डाल रही थी. मैंने रूबी से कहा कि अभी मैं थका हुआ हूं, इसलिए सुबह ही काम कर पाऊंगा. अगले दिन सुबह मैं रूबी के घर पहुंचा, तो उन्होंने मुझे 500 रुपये सीमेंट लाने के लिए दिये. मैं सीमेंट लेकर आया और बाथरूम के फर्श को बना दिया. इस दौराम मुझे यह अहसास ही नहीं हुआ कि इस गड्ढे के नीचे किसी की बॉडी दफन की गई है. फर्श बनाने के लिए मुझे रूबी ने 500 रुपये दिये थे.
रूबी की बेटी ने बताया पापा पैसे मांगते थे
रवि ने बताया कि बाथरूम का फर्श बनाते समय मेरी रूबी से बातचीत हो रही थी. इस दौरान मुझे एहसास ही नहीं हुआ कि इसने अपने पति की हत्या कर दी है. हां, रूबी की बेटी ने मुझे बताया था कि मम्मी का पापा के साथ झगड़ा हुआ था. पापा हमारे ऊपर भी चिल्लाते थे. भरतपुर में किसी रिश्तेदार से भी झगड़ा हुआ था. बच्ची ने बताया कि पापा, उसकी मम्मी से पैसे मांगते थे और इसे लेकर भी दोनों के बीच में झगड़ा होता रहता था.

आगरा पुलिस ने ऐसे सुलझाई मर्डर मिस्ट्री
आगरा पुलिस ने शुक्रवार को रूबी को अपने पति की हत्या करके उसके शव को घर के बाथरूम के फर्श के नीचे दबाने के आरोप में गिरफ्तार किया. अधिकारियों ने बताया कि आरोपी महिला ने अपने पति के लापता होने की शिकायत भी दर्ज कराई थी. पुलिस के अनुसार सिकंदरा थाना इलाके की रेणुका धाम कॉलोनी में मौजूद इस दम्पति के घर के बाथरूम का फर्श खोदने के बाद सुरेंद्र शर्मा (45) का शव बरामद किया गया. सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) अमीषा ने बताया कि शर्मा की हत्या उनकी पत्नी रूबी शर्मा ने की थी.
उन्होंने बताया कि रूबी शर्मा ने अपने अपराध को छिपाने के लिए शव को बाथरूम के फर्श के नीचे दबा दिया और ऊपर से कंक्रीट डाल दिया. उन्होंने बताया कि यह जानकारी तब सामने आई, जब पुलिस ने व्यक्ति के लापता होने की शिकायत के बाद रूबी शर्मा से पूछताछ की. उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने हत्या का पता लगाया और शव बरामद किया.
इसे भी पढ़ें: आगरा के बाद अब फतेहपुर में खौफनाक कांड, घर में सो रहे पति को पत्नी ने जिंदा जलाया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं