- पुणे के हडपसर इलाके में कामधेनु एस्टेट के सामने सात घंटे के टाइमर वाला बम मिला था.
- सूचना मिलने पर बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड, दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं.
- संदिग्ध बम को सुरक्षित तरीके से एक खुले स्थान पर ले जाकर निष्क्रिय किया गया है.
पुणे के हडपसर इलाके में स्थित कामधेनु एस्टेट के पास एक प्रसिद्ध अस्पताल के सामने उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां सात घंटे के टाइमर वाला एक संदिग्ध बम बरामद किया गया. बम मिलने की सूचना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया. जानकारी मिलते ही बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड (बीडीडीएस), दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं. सुरक्षा एजेंसियों ने बिना किसी जोखिम के संदिग्ध वस्तु को अस्पताल परिसर से हटाकर एक खुले और सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है. बाद में बम निरोधक दस्ते ने बम को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया.
पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां बम के स्रोत, उसे वहां रखने वाले लोगों और इसके पीछे की मंशा को लेकर गहन जांच कर रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने तक पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी जाएगी.
पुणे शहर पुलिस आयुक्त नितेश कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मौके पर एक बम जैसी संदिग्ध वस्तु मिली थी, जो संभवतः लो‑ग्रेड विस्फोटक या आईईडी जैसा उपकरण हो सकता है. उन्होंने कहा कि जैसे ही इस बारे में जानकारी मिली, बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब डिस्पोज़ल स्क्वॉड–BDS) और पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और उस आईईडी को ग्लाइडिंग सेंटर के पास एक खुले स्थान पर ले जाकर सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया.
उन्होंने BDS टीम के काम की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने बेहद कुशलता और जिम्मेदारी के साथ अपनी कार्रवाई पूरी की. पुलिस आयुक्त ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच युद्ध स्तर पर जारी है और पुणे शहर पुलिस की स्थानीय टीम, क्राइम ब्रांच और एटीएस मिलकर इस घटना की जांच कर रही हैं. उन्होंने कहा कि जांच अभी शुरुआती चरण में है, लेकिन पुलिस पूरी तरह सक्रिय है और जल्द ही इस मामले में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं