- कर्नाटक के मंगलुरु एयरपोर्ट के पास MRPL रिफाइनरी में जोरदार धमाके के बाद आग लगी थी
- धमाका हाइड्रो सल्फर ट्रीटमेंट यूनिट में हुआ, जिससे आसपास के घरों की खिड़कियां भी टूट गईं
- एक कर्मचारी राजेश बैपटिस्ट गंभीर रूप से झुलस गया, उसे श्रीनिवास अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया
कर्नाटक के मंगलुरु एयरपोर्ट के पास बुधवार को एक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया. धमाके के बाद मंगलौर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (MRPL) परिसर से आग और धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया. स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि धमाका इतना तेज था कि आसपास के कुछ घरों की खिड़कियों के शीशे भी टूट गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं.
CHT यूनिट में हुआ धमाका
पुलिस के अनुसार, रिफाइनरी की हाइड्रो सल्फर ट्रीटमेंट (CHT) यूनिट में विस्फोट हुआ, जिसके बाद वहां आग लग गई. हालांकि राहत की बात यह रही कि फायर टीमों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया.
एक कर्मचारी झुलसा
हादसे में प्लांट के कर्मचारी राजेश बैपटिस्ट गंभीर रूप से झुलस गए. पुलिस के मुताबिक वह करीब 35 प्रतिशत तक जल गए हैं और उन्हें इलाज के लिए श्रीनिवास अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों ने बताया है कि राजेश खतरे से बाहर हैं, हालांकि उन्हें निगरानी के लिए ICU में रखा गया है.
छह अन्य लोगों को मामूली चोटें
धमाके के समय पास के कार्यालय में मौजूद छह अन्य लोगों को भी हल्की चोटें आईं. सभी का OPD में इलाज और मेडिकल चेकअप कराया गया. अधिकारियों ने बताया कि घटना का मंगलुरु एयरपोर्ट के संचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है और उड़ानों का संचालन सामान्य रूप से जारी है.
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस कमिश्नर, डिप्टी कमिश्नर और कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए. प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है.
यह भी पढ़ें: ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया ब्लॉक का 2-8 अक्तूबर तक कैंपेन, 6 को चुनाव आयोग तक मार्च
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं