विज्ञापन
This Article is From Apr 17, 2023

कर्नाटक में एक बार फिर सरकार बनाएगी भाजपा : अमित शाह

उन्होंने गोवा और उत्तराखंड जैसे “छोटे राज्यों” में भाजपा की जीत पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान को लेकर उन पर कटाक्ष किया. शाह ने यह भी कहा कि राहुल गांधी ने कांग्रेस के लिए पूर्वोत्तर राज्यों में हुए चुनाव में प्रचार किया, जहां पार्टी का सफाया हो गया.

कर्नाटक में एक बार फिर सरकार बनाएगी भाजपा : अमित शाह
केंद्रीय मंत्री अमित शाह.
पणजी:

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) फिर से सरकार बनाएगी. यहां अगले महीने विधानसभा चुनाव होने हैं. दक्षिण गोवा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी के अभियान की शुरुआत की. शाह ने कहा कि ओडिशा और तेलंगाना में लोगों का मिजाज भाजपा के पक्ष में है.

उन्होंने गोवा और उत्तराखंड जैसे “छोटे राज्यों” में भाजपा की जीत पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान को लेकर उन पर कटाक्ष किया. शाह ने यह भी कहा कि राहुल गांधी ने कांग्रेस के लिए पूर्वोत्तर राज्यों में हुए चुनाव में प्रचार किया, जहां पार्टी का सफाया हो गया.

उन्होंने कहा कि इन राज्यों में अल्पसंख्यकों की अच्छी खासी आबादी होने के कारण कांग्रेस हमेशा पूर्वोत्तर राज्यों को अपना गढ़ मानती थी, लेकिन हाल के चुनावों के नतीजे भाजपा के पक्ष में रहे. उन्होंने कहा, 'मैंने ओडिशा और तेलंगाना में लोगों का मूड भाजपा के पक्ष में देखा. मैं खरगे और राहुल बाबा से कहना चाहता हूं कि भाजपा कर्नाटक में फिर सरकार बनाएगी.'

शाह ने कहा, “जब हमने गोवा और उत्तराखंड में चुनाव जीते तो कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि वे छोटे राज्य हैं. लेकिन उन्हें यह समझना चाहिए कि छोटे राज्य देश के महत्वपूर्ण हिस्से हैं.”

उन्होंने कहा कि छोटे राज्यों के प्रति केंद्र की बड़ी जिम्मेदारी है क्योंकि वे भारत के महत्वपूर्ण अंग हैं. शाह ने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गोवा व उत्तराखंड जैसे राज्यों में पूर्ण बहुमत का आशीर्वाद प्राप्त है. उन्होंने कहा, “छोटे राज्य हमारे देश की 'धरोहर' हैं और उनका महत्व बड़े राज्यों के बराबर है.”

शाह ने कहा, “भाजपा कर्नाटक में फिर से सरकार बनाएगी.” पूर्वोत्तर में हाल ही में हुए चुनावों में कांग्रेस की हार की ओर इशारा करते हुए शाह ने कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा' का नेतृत्व करने के बाद, राहुल गांधी ने पूर्वोत्तर चुनावों में प्रचार किया. उन्होंने कहा, 'लेकिन इन राज्यों से कांग्रेस पार्टी का सफाया हो गया और लोगों ने भाजपा के पक्ष में अपना फैसला सुनाया.'


 

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Amit Shah, BJP, Karnataka Elections, 2024 Elections, Narendra Modi, Goa
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com