- बीजेपी 25 जून को देश में आपातकाल के 51 साल पूरा होने पर संविधान हत्या दिवस के रूप में मना रही है
- बिहार, हरियाणा और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में कई विशेष कार्यक्रम और सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे
- यूपी के अलीगढ़ में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पहुंचेंगे, लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया जाएगा
देश में लगाए गए आपातकाल के 51 साल पूरे होने पर 25 जून को बीजेपी 'संविधान हत्या दिवस' मना रही है इस दौरान बिहार, हरियाणा समेत देश के कई राज्यों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. बीजेपी ने कहा कि 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के लगाए गए आपातकाल ने लोकतांत्रिक संस्थाओं और नागरिक स्वतंत्रताओं को गंभीर नुकसान पहुंचाया था. इस मौके पर बीजेपी ने देशभर में कई कार्यक्रमों की योजना बनाई है, जिनका मकसद आपातकाल के दौरान हुई घटनाओं और उसके प्रभावों को लोगों तक पहुंचाना है.
यूपी में कई कार्यक्रमों का आयोजन
- यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य 26 जून को यूपी के अलीगढ़ में कार्यक्रम में होंगे शामिल.
- कार्यक्रम के दौरान लोकतंत्र सेनानियों को सम्मान दिया जाएगा.
- 26 जून को सुबह 11 बजे कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर में विशाल गोष्ठी का आयोजन
- इमरजेंसी से संबंधित चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा
बिहार के करीब 90,000 बूथों पर होंगे कार्यक्रम
- बिहार में भी बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. राज्य के करीब 90,000 बूथों पर अलग-अलग आयोजन होंगे.
- पटना के ज्ञान भवन में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा आपातकाल विरोधी आंदोलन में शामिल रहे करीब 450 'जेपी सेनानियों' और 'लोकतंत्र सेनानियों' को सम्मानित करेंगे.
- 30 जून से 6 जुलाई तक बिहार के सभी 52 संगठनात्मक जिलों में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे.
- बीजेपी के युवा और महिला मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में राज्य के पांच प्रशासनिक प्रमंडलों में छात्र सम्मेलन भी आयोजित होंगे.
बीजेपी के बिहार प्रदेश कार्यालय में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल और पवन जायसवाल ने आरोप लगाया कि आपातकाल के दौरान नागरिकों के मौलिक अधिकारों को सीमित कर दिया गया था और राजनीतिक सत्ता बनाए रखने के लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश की गई थी.
हरियाणा में 80 लोकतंत्र सेनानियों और उनके परिजनों को मिलेगा सम्मान
वहीं, हरियाणा में भी बीजेपी नेताओं ने आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र के सबसे अंधकारमय दौरों में से एक बताया. पंचकुला स्थित पार्टी मुख्यालय पंचकमल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में यमुनानगर से विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि संविधान बचाने की बात करने वाली कांग्रेस को पहले आपातकाल के दौरान अपने कार्यों पर आत्ममंथन करना चाहिए.
- हरियाणा बीजेपी गुरुवार शाम 5 बजे पंचकुला स्थित अटल सभागार में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगीरोहतक के AMDU के टैगोर सभागार में केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि होंगे.
- टैगोर सभागार में 10 जिलों के 80 लोकतंत्र सेनानियों और उनके परिजनों को सम्मानित किया जाएगा.
- पंचकूला में मुख्यमंत्री नायब सैनी कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे
- फरीदाबाद में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे.
घनश्याम दास ने आरोप लगाया कि उस समय लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचला गया, संस्थाओं की स्वायत्तता कमजोर की गई और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर भी प्रतिबंध लगाए गए. हजारों लोकतंत्र सेनानियों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को जेल में डाल दिया गया था, जबकि मीडिया पर कड़ी सेंसरशिप लागू की गई थी. घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और तत्कालीन भारतीय जनसंघ ने आपातकाल का विरोध करते हुए लोकतंत्र की बहाली के लिए देशभर में आंदोलन चलाए थे.
'संविधान हत्या दिवस' मनाने का मकसद जानें
उन्होंने बताया कि 'संविधान हत्या दिवस' मनाने का मकसद लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोगों को सम्मान देना और नई पीढ़ी को आपातकाल के इतिहास और उसके परिणामों से अवगत कराना है. हरियाणा भाजपा की ओर से गुरुवार शाम 5 बजे पंचकुला स्थित अटल सभागार में एक विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा.
ये भी पढ़ें-Samvidhan Hatya Diwas LIVE: इमरजेंसी हमारे संविधान पर सीधा हमला... पीएम मोदी ने याद किया वो काला दौर
इनपुट- IANS के साथ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं