विज्ञापन

राहुल गांधी पर BJP का हमला तेज, 'इंडिया' गठबंधन की रैली पर निशाना; अमित शाह से लेकर गिरिराज सिंह तक ने घेरा

फरीदाबाद में बीजेपी के 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' मार्च में शामिल हुए धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर लोकतंत्र, संविधान और चुनाव आयोग पर भरोसा खोने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि विपक्ष देश की प्रगति को रोकने की साजिश कर रहा है, जबकि जनता और युवा लोकतंत्र के साथ खड़े हैं.

राहुल गांधी पर BJP का हमला तेज, 'इंडिया' गठबंधन की रैली पर निशाना; अमित शाह से लेकर गिरिराज सिंह तक ने घेरा
फाइल फोटो
NDTV

दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी गठबंधन INDIA की रैली को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला. हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित बीजेपी के 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' मार्च में शामिल हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री और संबलपुर सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश का आरोप लगाया. वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी राहुल गांधी और कांग्रेस को निशाने पर लिया.

फरीदाबाद में बड़ी संख्या में जुटे पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी सिर्फ आर्थिक रूप से ही नहीं, बल्कि हर मायने में दिवालिया हो चुके हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का लोकतंत्र, संविधान, संसद और चुनाव आयोग से विश्वास उठ चुका है. प्रधान ने कहा कि कुछ ताकतवर ताकतों के इशारे पर भारत की बढ़ती शक्ति और आर्थिक प्रगति को रोकने की साजिश रची जा रही है.

धर्मेंद्र प्रधान ने फरीदाबाद में जुटी भीड़ का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें वहां खासकर युवाओं का जबरदस्त समर्थन देखने को मिला.उनके मुताबिक यह देश के लोगों के लोकतंत्र पर मजबूत भरोसे का प्रमाण है. उन्होंने कहा कि जनता लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ खड़ी है और विपक्ष लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है.

अमित शाह ने क्या कहा?

इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली के व्यापारियों ने विपक्षी रैली की तारीख को लेकर आपत्ति जताई थी. शाह के मुताबिक व्यापारियों ने कांग्रेस नेताओं से कहा था कि दीपावली के आसपास का समय उनके कारोबार के लिए सबसे महत्वपूर्ण होता है और ऐसे वक्त में बड़ी राजनीतिक रैली से उन्हें नुकसान हो सकता है. उन्होंने दावा किया कि व्यापारियों ने कई बार प्रेस कॉन्फ्रेंस और पत्रों के जरिए रैली की तारीख बदलने की अपील की, लेकिन कांग्रेस ने इसे अनसुना कर दिया.

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने अपनी रैली उसी दिन आयोजित की, जिस दिन 1984 के सिख विरोधी दंगों की बरसी है. उन्होंने कांग्रेस पर पीड़ित सिख परिवारों की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया. शाह ने दावा किया कि दिल्ली के छोटे व्यापारियों ने पिछले तीन चुनावों में कांग्रेस को खाता नहीं खोलने दिया और आने वाले चुनावों में भी उसकी स्थिति ऐसी ही रहेगी.

अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भी कांग्रेस और राहुल गांधी को निशाने पर लिया.उन्होंने लिखा कि 1 नवंबर 1984 को कांग्रेस ने दिल्ली में हजारों निर्दोष सिखों का नरसंहार कराया था और अब उसी तारीख पर कार्यक्रम आयोजित कर पीड़ित परिवारों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया गया है.

अर्बन नक्सल वाला चेहरा अब लोगों के सामने आ रहा है: गिरिराज सिंह

उधर, INDIA गठबंधन की दिल्ली रैली पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि विपक्ष के दावों की हवा निकल गई है.उन्होंने कहा कि 20 दलों को साथ लेकर और देशभर से लोगों को जुटाने के बावजूद रामलीला मैदान आधा खाली दिखाई दिया. गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी का 'अर्बन नक्सल' वाला चेहरा अब लोगों के सामने आ रहा है. उन्होंने दावा किया कि देश का युवा राष्ट्रवाद की भावना से भरा हुआ है और विपक्ष जिन मुद्दों को उठा रहा है, जनता उन्हें स्वीकार नहीं कर रही.

गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी के चुनाव प्रक्रिया पर उठाए जा रहे सवालों पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस वोट चोरी का आरोप लगाती है, जबकि जनता का कहना है कि उसने "चोरों को वोट देना बंद कर दिया है."

यह भी पढ़ें: 'राहुल गांधी के भाषण में खाली थीं कुर्सियां'- रामलीला मैदान की रैली पर भाजपा का दावा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rahul Gandhi, Ramleela Maidan, BJP, Congress
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com