- बीजेपी नेता संगीत सोम ने मुस्लिम वोट बैंक के लिए बीजेपी को वोट देने की धारणा को पूरी तरह गलत बताया.
- संभल के जामा मस्जिद विवाद में प्रशासन की कार्रवाई का समर्थन करते हुए उन्होंने अवैध निर्माण हटाने की बात कही.
- संभल विवाद में हुए अवैध ढांचे को हटाने पर गर्व जताया और गद्दारों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने की बात कही.
उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपने तीखे तेवरों के लिए मशहूर बीजेपी के फायरब्रांड नेता संगीत सोम ने NDTV के विशेष कार्यक्रम 'चक्रव्यूह' में शिरकत की. इस दौरान उन्होंने बेहद बेबाकी से हर ज्वलंत मुद्दे पर अपनी राय रखी. अभिनेता शाहरुख खान पर दिए गए अपने पुराने बयानों से लेकर 'बीजेपी को मुसलमानों के वोट क्यों चाहिए' जैसे सवालों पर संगीत सोम ने खुलकर जवाब दिए. यही नहीं, संभल के जामा मस्जिद विवाद पर भी उन्होंने अपनी ठोस और स्पष्ट प्रतिक्रिया दी, जिसने राज्य की सियासी सरगर्मी बढ़ा दी है.
मुस्लिम वोट बैंक और चुनाव
बीजेपी के फायरब्रांड नेता संगीत सोम ने मुस्लिम वोट बैंक को लेकर चल रही तमाम अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यह एक बड़ी 'गलतफहमी' है कि मुसलमान भारतीय जनता पार्टी को वोट दे रहा है. उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि वे (मुसलमान) बीजेपी को वोट बिल्कुल नहीं देंगे. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर 99% आतंकी एक ही समुदाय से क्यों होते हैं?
संभल विवाद और मंदिर-मस्जिद मुद्दा
संभल के जामा मस्जिद विवाद पर संगीत सोम ने प्रशासन की कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि वहां दलित बेटियों के साथ बदसलूकी की गई और विरोध करने पर उन पर गोलियां चलाई गईं व पथराव किया गया. उन्होंने साफ किया कि वे हर मस्जिद को तोड़ने की बात नहीं करते, बल्कि उस ढांचे को हटाने की बात करते हैं जो 'मंदिर' के ऊपर बनाया गया है. उन्होंने इतिहास का हवाला देते हुए पूछा कि क्या आक्रांताओं ने मंदिर तोड़ते समय किसी कोर्ट से अनुमति ली थी? उन्होंने कहा कि हमने 500 साल तक बाबरी का दंश झेला और अंतत कोर्ट के माध्यम से ही न्याय पाया.
ये भी पढ़ें : कटिहार में युवक की मौत पर भड़की भीड़ का पुलिस पर हमला, राइफल छीनी, कहा- बिहारी का पॉवर देख लीजिए
शाहरुख खान पर क्या बोले संगीत सोम?
अभिनेता शाहरुख खान पर निशाना साधते हुए संगीत सोम ने उन्हें 'गद्दार' करार दिया. उन्होंने तर्क दिया कि जब पाकिस्तान ने भारत पर आतंकी हमले किए थे, तब शाहरुख खान ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों को खरीदने का काम किया था. उन्होंने आगे आरोप लगाया कि आज जब बांग्लादेश में आईएसआई (ISI) और चीन बैठकर भारत को तोड़ने की रणनीति बना रहे हैं और हिंदुओं पर अत्याचार हो रहा है, तब भी शाहरुख वहां की टीम खरीदने में रुचि दिखाते हैं. हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि कोई अच्छा काम करेगा तो देश उसे बधाई देगा, जैसे इसी सरकार ने उन्हें पद्मश्री से भी नवाजा है.
संभल में हुई हालिया कार्रवाई पर उन्होंने गर्व से कहा कि जो काम समाजवादी पार्टी की सरकार में नहीं हो सका, वह अब हो रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि संभल में जो ढांचा गिराया या हटाया गया, वह इसलिए हुआ क्योंकि वह 'अवैध' तरीके से बना हुआ था. उन्होंने अंत में दोहराया कि वे हर उस व्यक्ति से नफरत करेंगे जो भारत के साथ गद्दारी करेगा.
ये भी पढ़ें : लेबनान में लोग अपनों को दो बार दफन करने को क्यों मजबूर हैं? रूह कपाने वाली है कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं