- भारतीय जनता पार्टी ने असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए पहली सूची में 88 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं.
- केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी, राजनाथ सिंह और अमित शाह सहित सभी सदस्य मौजूद थे.
- मुख्यमंत्री हिमंता विस्वा सरमा को जालुकबारी विधानसभा क्षेत्र से फिर से टिकट दिया गया है.
भारतीय जनता पार्टी ने असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपनी पहली सूची जारी कर दी है. पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक नितिन नवीन की अध्यक्षता में हुई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह सहित समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे.
पार्टी ने इस पहली सूची में 88 उम्मीदवारों के नाम तय किए हैं. सूची में कई दिग्गज नेता, मौजूदा मंत्री और वर्तमान विधायकों को फिर से टिकट दिया गया है, जबकि कुछ सीटों पर नए चेहरे भी उतारे गए हैं.
यह भी पढ़ें- प्रियंका गांधी के असम स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष रहते क्यों पार्टी छोड़ रहे बड़े नेता?
मुख्यमंत्री हिमंता विस्वा सरमा को जालुकबारी से टिकट
जालुकबारी सीट से वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता विस्वा सरमा को फिर उम्मीदवार बनाया गया है. इसके अलावा कांग्रेस छोड़कर भाजपा में कल ही आए प्रद्युत बोरदोलोई को दिसपुर सीट से टिकट दिया गया है.
यहां पढ़ें भाजपा की पूरी सूची
कुल 88 सीटों पर ऐलान, क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश
भाजपा ने ब्रह्मपुत्र और बराक घाटी दोनों क्षेत्रों से उम्मीदवार उतारते हुए क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखा है. सूची में वरिष्ठ, युवा और महिला नेताओं का सम्मिलित प्रतिनिधित्व नजर आता है.
यह भी पढ़ें- बीजेपी नेताओं की 'चोर', गौरव गोगोई पर आती है दया.. प्रद्युत बोरदोलोई को लेकर भिड़ गए असम के नेता
शीर्ष मंत्रियों को मिला फिर मौका
बीजेपी ने कई प्रमुख मंत्रियों को दोबारा टिकट दिया है.
- पीयूष हाजरिका (जागीरोड)
- जयंत मल्ल बरुआ (नलबाड़ी)
- अशोक सिंघल (ढेकियाजुली)
- अजंता नेओग (गोलाघाट)
- चंद्रमोहन पाटोवारी (तिहू)
- रूपेश गोवाला (डूमडूमा)
ये सभी अपनी-अपनी मौजूदा सीटों से चुनाव लड़ेंगे.
नंदिता गार्लोसा का टिकट कटा
कैबिनेट मंत्री नंदिता गार्लोसा को इस बार टिकट नहीं दिया गया है, जिसे सूची का एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है.
गुवाहाटी की सभी सीटों पर नए उम्मीदवार
गुवाहाटी के सभी विधानसभा क्षेत्रों में BJP ने नए चेहरे उतारे हैं, जो शहरी क्षेत्रों में रणनीति बदलने का संकेत है.
गौरव गोगोई के सामने हितेंद्र नाथ गोस्वामी
विधानसभा अध्यक्ष बिस्वजीत दैमारी को तामुलपुर से टिकट मिला है. भूपेन बोरा को बिहपुरिया से उम्मीदवार बनाया गया है. पूर्व स्पीकर हितेंद्र नाथ गोस्वामी को जोरहाट से उतारा गया है, जहां उनका मुकाबला कांग्रेस के गौरव गोगोई से होगा. यह सबसे हाई‑प्रोफाइल सीट मानी जा रही है.
यह भी पढ़ें- 'चुनाव किसी एक व्यक्ति के आने-जाने से बड़ा...' : बोरदोलोई के BJP में शामिल होने पर गौरव गोगोई ने क्या कहा?
दिसपुर से प्रद्युत बोरदोलोई को टिकट
पार्टी ने दिसपुर सीट से प्रद्युत बोर्दोलोई को उम्मीदवार बनाया है. पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सिद्धार्थ भट्टाचार्य का टिकट कटा है. भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सिद्धार्थ भट्टाचार्य को इस बार टिकट नहीं मिला. भाजपा ने इस बार 11 सिटिंग विधायकों का टिकट काटा है.
पांच महिलाओं को टिकट
इस सूची में पांच महिला उम्मीदवारों को जगह दी गई है, जिनमें अजंता नेओग, नीलिमा देवी, ज्योत्स्ना कलिता और अन्य शामिल हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं