राजनीति, खेल(वैभव सूर्यवंशी), कारोबार हो या प्रशासनिक सेवा, बिहार के लाल हर जगह कमाल कर रहे हैं. इसी फेहरिस्त में नया नाम बिश्वनाथ सिन्हा का जुड़ गया है, जो केरल के नए मुख्य सचिव नियुक्त किए गए हैं. बिश्वनाथ सिन्हा (Biswanath Sinha) सीनियर आईएएस हैं और उन्हें 34 साल का प्रशासनिक अनुभव है.केरल में वीडी सतीशन की अगुवाई वाली कैबिनेट ने उनके नाम पर मुहर लगाई है. सिन्हा जन्म 24 सितंबर 1968 को हुआ था.उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय (Delhi University) से एमए की डिग्री हासिल की. सिन्हा को हिंदी और अंग्रेजी के साथ मलयालम भाषा का भी ज्ञान है. बिश्वनाथ सिन्हा 1991 बैच के केरल कैडर के आईएएस अधिकारी हैं.
केरल के नए मुख्य सचिव बिश्वनाथ सिन्हा
मुख्य सचिव के रूप में कार्यभार संभालने के बाद उनका कार्यकाल सितंबर 2028 तक रहेगा. यानी उनके पास राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था को संभालने के लिए दो साल से अधिक का लंबा समय होगा. अपने 3 दशकों से अधिक लंबे करियर में सिन्हा ने केंद्र और राज्य सरकार के स्तर पर कई संवेदनशील और महत्वपूर्ण विभागों की कमान संभाली है.
गृह और वित्त विभाग में रहे
सिन्हा मुख्य सचिव बनने से ठीक पहले अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह एवं सतर्कता) और अतिरिक्त मुख्य सचिव (Home and Vigilance Department) जैसी पदों पर तैनात रहे हैं. वो सितंबर 2022 से राज्य के वित्त विभाग में एडिशनल चीफ सेक्रेटरी के तौर पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं.
वह केरल सरकार के टैक्स , नोर्का ( गैर निवासी केरलवासी मामले), कार्मिक और सामान्य प्रशासन, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति विकास विभागों में भी महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं. वो कोझिकोड, वायनाड, कोट्टायम जैसे जिलों के डीएम भी रहे हैं.
दिल्ली में केरल हाउस के रेसिडेंट कमिश्नर
वह नई दिल्ली के केरल हाउस में केरलम के रेजिडेंट कमिश्नर रह चुके हैं. उन्होंने केंद्र और राज्य के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में काम किया है. सिन्हा ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर केंद्र सरकार में भी अपनी सेवाएं दी हैं. वो केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय में संयुक्त सचिव और कपड़ा मंत्रालय में भी अहम पदों पर तैनात रहे हैं.
सिन्हा को प्रशासनिक सेवा में उनकी वरिष्ठता, निष्पक्षता और सिविल सेवा नियमों के कड़े पालन के लिए जाना जाता है. गृह और वित्त जैसे विभागों को संभालने के उनके लंबे ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए ही केरल में उन्हें मुख्य सचिव बनाया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं