- भोजपुर जिले के बिलोटी गांव में भरत भूषण तिवारी एनकाउंट के विरोध में महापंचायत हुई
- परिवार ने बिहार सरकार को सात दिनों में कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया है
- पुलिस के कई अधिकारियों के खिलाफ भरत तिवारी की मां की शिकायत पर FIR हुई है
भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर बुधवार को भोजपुर जिले के बिलोटी गांव में एक महापंचायत का आयोजन किया गया. इस दौरान भरत तिवारी के परिवार ने बिहार सरकार और प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया. उन्होंने कहा कि यदि सात दिनों के भीतर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला, तो उन्हें मजबूरन व्यापक जन आंदोलन शुरू करना पड़ेगा. परिवार ने अल्टीमेटम ऐसे समय दिया है जब बिहार सरकार पर कार्रवाई के लिए दबाव है. एक दिन पहले भरत तिवारी की मां की शिकायत पर मुठभेड़ मामले में पुलिस के कई अधिकारियों के खिलाफ मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की गई. भोजपुर पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, मृतक की मां द्वारा दी गयी शिकायत के आधार पर शाहपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई.
आंदोलन तेज करने का अल्टीमेटम
आज महापंचायत को संबोधित करते हुए भरत तिवारी के चचेरे भाई बुमराह तिवारी ने कहा कि परिवार लगातार न्याय की मांग कर रहा है, लेकिन अब तक उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. उन्होंने यह भी दावा किया कि उनका चयन बिहार पुलिस में हुआ था, लेकिन भरत भूषण तिवारी की मौत से आहत होकर उन्होंने अपनी नौकरी छोड़ने का निर्णय लिया है.
उन्होंने कहा कि परिवार के एक सदस्य की मौत के बाद उनका पूरा ध्यान न्याय की लड़ाई पर रहेगा और वे पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे. महापंचायत में मौजूद ग्रामीणों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए सरकार से जल्द कार्रवाई करने का आग्रह किया. वक्ताओं ने कहा कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन का दायरा और व्यापक हो सकता है.
न्याय की मांग को लेकर हुई नारेबाजी
महापंचायत के दौरान न्याय की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी हुई और ग्रामीणों ने एक स्वर में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग दोहराई. इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
ये भी पढ़ें- भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर 15 ऐसे सवाल, जिनका जवाब अब तक नहीं मिला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं