विज्ञापन

कर्नाटक में बिहार मॉडल: बीजेपी ने जो नीतीश के साथ किया, कांग्रेस वही सिद्धारमैया के साथ करेगी?

आखिरकार कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन पर बात बन गई है. सिद्धारमैया अब इस्तीफा देंगे और उनकी जगह डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री बनेंगे.

कर्नाटक में बिहार मॉडल: बीजेपी ने जो नीतीश के साथ किया, कांग्रेस वही सिद्धारमैया के साथ करेगी?
सिद्धामैया और डीके शिवकुमार.
IANS
  • कर्नाटक में सिद्धारमैया मुख्यमंत्री पद छोड़कर डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा
  • राहुल गांधी ने सिद्धारमैया को राज्यसभा आने और उनके बेटे यतींद्र को मंत्री बनाने की सलाह दी है
  • यतींद्र, जो पहले विधायक रह चुके हैं और डॉक्टर हैं, को स्वास्थ्य मंत्रालय मिलने की संभावना है
नई दिल्ली:

कनार्टक में यह तय हो गया है कि सिद्धारमैया को मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़नी पड़ेगी और उसके बदले डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा. डीके शिवकुमार अभी कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री हैं और उनके पास दो अहम मंत्रालय भी है. कांग्रेस आलाकमान ने मंगलवार को सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के साथ मैराथन बैठक की. 

राहुल गांधी फिर सलाह मशविरा करने के लिए सोनिया गांधी से भी मिलने गए और उनसे मिलने के बाद उन्होंने सिद्धारमैया से अकेले में बातचीत की. उसके बाद राहुल गांधी ने सिद्धारमैया को मुख्यमंत्री पद छोड़ने और राज्यसभा में आने की सलाह दी. सिद्धारमैया को यह भी कहा गया कि उनके बेटे यतींद्र को मंत्री बना दिया जाएगा. यतींद्र अभी विधानपरिषद यानि एमएलसी है मगर इसके पहले 2018 से 2023 तक विधायक रह चुके हैं. यतींद्र एमबीबीएस और एमडी है और पेशे से डॉक्टर हैं. 

बिहार जैसा ही कुछ कर्नाटक में होगा?

यतींद्र के बारे में मैं इतनी जानकारी आपको इसलिए दे रहा हूं कि कनार्टक में जो कुछ हो रहा है वो सब बिहार में हो चुका है. बिहार में जो राजनीतिक घटनाक्रम हो चुका है वहीं कनार्टक में दोहराया जा रहा है. बिहार में भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपना पद छोड़ना पड़ा और राज्यसभा आना पड़ा और उनके बेटे को मंत्री बनाया गया. 

निशांत कुमार अभी बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री हैं और सबसे दिलचस्प बात है कि यदि डीके कल को मुख्यमंत्री बनते हैं तो क्या पता यतींद्र को स्वास्थ्य मंत्री बनाया जा सकता है क्योंकि वो एमबीबीएस और एमडी हैं और स्वास्थ्य मंत्री बनने के योग्य हैं. यदि ऐसा होता है तो उसे राजनीति का गजब का संयोग ही कहा जाएगा.  

यह भी पढ़ेंः क्या कर्नाटक में होगा बड़ा सियासी बदलाव? समझिए कांग्रेस आलाकमान की आगे की रणनीति

Latest and Breaking News on NDTV

कर्नाटक में सियासत में एक और पुत्र उदय

यदि यतींद्र को डीके शिवकुमार के कैबिनेट में जगह दी जाती है तो कनार्टक की राजनीति में एक और पुत्र का उदय होगा ठीक वैसा ही जैसे बीजेपी में बीएस येदियुरप्पा के बेटे विजेन्द्र की तरह जिन्हें कनार्टक बीजेपी का अध्यक्ष बनाया गया है. उधर पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा का पूरा परिवार राजनीति में है ही. कुमारस्वामी तो केंद्र में मंत्री हैं.

वैसे सिद्धारमैया अपने बेटे यतींद्र और अपने पोते धवन राकेश को अपना राजनीतिक उत्तराधिकारी बता चुके हैं. सिद्धारमैया के पोते धवल राकेश के पिता राकेश सिद्धारमैया का निधन हो चुका है. 2023 के विधानसभा चुनाव में ही सिद्धारमैया ने घोषणा की थी ये चुनाव उनका आखिरी विधानसभा चुनाव है. लगता है इन्हीं सब वजहों से सिद्धारमैया ने राहुल गांधी की बात मान ली है और मुख्यमंत्री पद छोड़ने का भी मन बना लिया है. 

सिद्धारमैया और उनके बेटे यतींद्र.

सिद्धारमैया और उनके बेटे यतींद्र.

लेकिन पोते का क्या होगा?

यहां पर केवल एक दिक्कत है सिद्धारमैया के पोते अभी महज 20 साल के हैं और उसे चुनाव लड़ने के लिए पांच साल तक इंतजार करना पड़ सकता है. लेकिन सबसे बड़ा सवाल ये भी है कि क्या सिद्धारमैया राज्यसभा में आना भी चाहते हैं या नहीं? उनसे कहा जरूर गया है मगर उन्होंने इसे स्वीकार किया है या नहीं इसकी कोई पुष्टि अभी तक नहीं हुई है. यदि सिद्धारमैया राज्यसभा नहीं जाते हैं तो उनका इस्तीफा जल्दी हो जाएगा.

अब सबको इंतजार है कि सिद्धारमैया मुख्यमंत्री पद से कब इस्तीफा देते हैं और डीके शिवकुमार की कब ताजपोशी होती है?

यह भी पढ़ेंः कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन की सभी तैयारियां पूरी! सिद्धारमैया कल दोपहर 3 बजे दे सकते हैं इस्तीफा
 

लेखक के बारे में
img
मनोरंजन भारती
Managing Editor, NDTV India
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Siddaramaiah Vs Dk Shivakumar, Siddaramaiah, DK Shivakumar, Karnataka Politics, Rahul Gandhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com