कांग्रेस वर्किंग कमिटी की बैठक में राहुल गांधी ने पीएम नरेद्र मोदी पर हमला बोला था. सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी का सियासी अंत हो चुका है. उनका वक्त खत्म हो गया है. राहुल ने दावा किया कि मोदी का शासन आखिरी दौर में है और उनके उत्तराधिकारी की तलाश चल रही है. मोदी सरकार को पूरी तरह बैकफुट पर बताते हुए राहुल गांधी ने कांग्रेस नेताओं से सरकार के खिलाफ और आक्रामक रुख अख्तियार करने को कहा.
वहीं, बैठक में कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को राहुल गांधी ने निर्देश दिया कि अपने प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर करने के लिए छात्रों और विशेषज्ञों से बातचीत कर एक ठोस प्लान बनाएं. सीडब्ल्यूसी की बैठक में केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में राहुल गांधी ने एक महीने में रिपोर्ट देने को कहा है. बैठक के बाद इसकी जानकारी संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने दी.
मेडिकल प्रवेश की राष्ट्रीय परीक्षा (नीट) के पेपर लीक के बाद राहुल गांधी ने छात्रों की गूंज अभियान शुरू किया है. इसके तहत राहुल मंहगी होती शिक्षा व्यवस्था, प्रवेश परीक्षाओं और नौकरियों में भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे पर मोदी सरकार को घेर रहे हैं. ऐसे में राहुल गांधी चाहते हैं कि कांग्रेस शासित राज्यों में शिक्षा व्यवस्था का एक मॉडल बनाया जा सके. साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता बनी रहे. यही वजह है कि राहुल गांधी ने झारखंड के प्रदर्शनकारी छात्रों का भी खुलकर समर्थन किया जबकि राज्य हेमंत सोरेन सरकार में कांग्रेस भी शामिल है. इसका जिक्र सीडब्ल्यूसी के प्रस्ताव में भी किया गया.
सीडब्ल्यूसी की बैठक में तय हुआ कि "छात्रों की गूंज" अभियान अब देश भर में 800 जगहों पर आयोजित किया जाएगा. राहुल गांधी इनमें से कुछ कार्यक्रम में शामिल होंगे. छात्रों की गूंज को देश के हर जिले में के जाने की पहल प्रियंका गांधी ने की. पेपर लीक के बाद शुरू हुए जेन ज़ी आंदोलन से के बाद केंद्र सरकार जिस तरह बैकफुट पर आई है उससे कांग्रेस को उम्मीद जगी है कि युवा पीढ़ी के सहारे वो केंद्र की सत्ता में वापसी कर सकती है. इसी वजह से राहुल गांधी का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है और वो पीएम मोदी की विदाई के दावे कर रहे हैं.
सीडब्ल्यूसी की बैठक में इसके अलावा राम मंदिर चढ़ावा चोरी की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग को लेकर प्रस्ताव भी पारित किया गया. केसी वेणुगोपाल ने इसके "हर घर चोरी" करार दिया. बैठक में चीनी घुसपैठ के मुद्दे पर भी प्रस्ताव पारित किया गया. वंदे मातरम के मुद्दे पर तय हुआ कि पार्टी से जुड़े कार्यक्रमों में परंपरा के अनुसार पहले दो अंतरे ही गाए जाएंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं