बिहार कैडर के IPS अधिकारी और खगड़िया के SP भानु प्रताप सिंह का पारिवारिक विवाद अब बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास तक पहुंच गया है. उनकी पत्नी पूजा सिंह रविवार को सीएम आवास के बाहर धरने पर बैठ गईं.
पूजा सिंह ने NDTV से बात करते हुए कहा कि उन्हें अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से ही आखिरी उम्मीद है. उन्होंने सीएम को 'भैया' कहकर अपील की कि उन्हें उनकी 6 साल की बेटी से मिलवा दिया जाए. पूजा के मुताबिक, उनकी बेटी इस वक्त SP भानु प्रताप के साथ खगड़िया में है.
भरतपुर में भी नहीं मिलने दिया
यह विवाद नया नहीं है. इससे पहले यह मामला राजस्थान के भरतपुर के मथुरा गेट थाने तक भी पहुंच चुका है. पूजा ने आरोप लगाया था कि उनके पति उनकी बेटी को उनसे दूर रखना चाहते हैं.
पूजा के मुताबिक, वह बेटी से मिलने भरतपुर गई थीं. IPS भानु प्रताप मूल रूप से यूपी के फतेहपुर के रहने वाले हैं और उनका परिवार भरतपुर की गीता कॉलोनी में किराए पर रहता है.
पूजा का आरोप है कि वह एक घंटे तक ससुराल का दरवाजा खटखटाती रहीं, लेकिन किसी ने गेट नहीं खोला. इसके बाद वह विजय नगर स्थित ननद के घर गईं, वहां भी दरवाजा नहीं खुला.
इसके बाद वह मथुरा गेट थाने पहुंचीं. थाने के SHO ने IPS भानु प्रताप से फोन पर बात की और मामले को पारिवारिक विवाद बताते हुए तत्काल कार्रवाई से इनकार कर दिया था, जिसके बाद पूजा देर रात तक थाने में ही बैठी रही थीं.
यह भी पढ़ें | बिहार में MLC चुनाव जीते दोनों निर्दलीय अब भाजपा के साथ, विधान परिषद में अब कितना बदल गया गणित?
प्रेम विवाह, फिर IPS बने भानु प्रताप
पूजा ने बताया कि उनकी मुलाकात भानु प्रताप से 2015 में एक कार्यक्रम में हुई थी. दोनों ने परिवार की नाराजगी के बावजूद प्रेम विवाह किया था.
शादी के बाद करीब पांच साल तक पूजा ने भरतपुर के एक निजी स्कूल में शिक्षिका के रूप में काम किया, जबकि भानु प्रताप ने UPSC की तैयारी की. चयन के बाद वह बिहार कैडर के IPS बने.
पूजा का मायका झुंझुनूं के उदयपुरवाटी के तिवारी का वास गांव में है.
CM आवास पर हंगामा, पुलिस ले गई साथ
रविवार को जैसे ही पूजा CM आवास के बाहर धरने पर बैठीं, बड़ी संख्या में पटना पुलिस वहां पहुंच गई.
पूजा ने कहा कि उन्होंने अभी तक तलाक फाइल नहीं किया है और न ही कोई लीगल एक्शन लिया है. उन्हें सिर्फ अपनी बेटी से मिलना है.
वह इससे पहले राजस्थान में भी बेटी से मिलने गई थीं, लेकिन मिलने नहीं दिया गया.
फिलहाल पुलिस पूजा को अपने साथ ले गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं