विज्ञापन

डेहरी नगर परिषद ऑफिसर हत्याकांड में बड़ा खुलासा! पुलिस ने कहा- ड्राइवर ने लोहे की रॉड से किया मर्डर

डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार डेहरी से देर रात पटना लौट रहे थे. इस दौरान रास्ते में उनकी हत्या कर दी गई थी.

डेहरी नगर परिषद ऑफिसर हत्याकांड में बड़ा खुलासा! पुलिस ने कहा- ड्राइवर ने लोहे की रॉड से किया मर्डर
कार में जाते वक्त रास्ते में विमल कुमार की हत्या कर दी गई थी.
  • डेहरी नगर परिषद के EO विमल कुमार के साथ हुआ हादसा हत्या निकला.
  • पुलिस के मुताबिक, ड्राइवर मिथलेश ने पेशाब के बहाने गाड़ी रोककर लोहे के रॉड से हमला किया.
  • विमल की पत्नी बबीता ने बताया 6 महीने पहले हटाए गए ड्राइवर को उनके कहने पर फिर रखा गया था.
सासाराम:

बिहार के डेहरी नगर परिषद के एग्जीक्यूटिव ऑफिसर विमल कुमार हत्याकांड में पुलिस ने पर्दा उठा दिया है. हत्याकांड वाली जगह पर खुद मगध रेंज के IG विकास वैभव पहुंचे और मीडिया को बताया कि ये कोई सड़क हादसा नहीं, बल्कि सोची-समझी हत्या थी. आईजी विकास वैभव ने कहा, "शनिवार रात डेहरी से पटना जाने के लिए निकले विमल कुमार और उनके ड्राइवर मिथलेश के बीच किसी बात को लेकर नोक-झोंक हुई. उसके बाद ड्राइवर ने पेशाब करने के बहाने गाड़ी रोकी और पीछे से रखे लोहे के रॉड से विमल पर हमला कर दिया. हत्या के बाद इसे हादसा दिखाने के लिए गाड़ी को नहर के नीचे उतार दिया."

आईजी ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का रॉड ड्राइवर ने नहर में फेंक दिया है, जिसे बरामद करने के लिए पुलिस गोताखोरों की मदद ले रही है. घटना वाली जगह पर फोरेंसिक टीम ने बारीकी से जांच की है, खून के सैंपल और टायर के निशान लिए गए हैं. पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है.

पत्नी का चौंकाने वाला बयान!

मृतक विमल कुमार की पत्नी बबीता ने भी ड्राइवर को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने बताया, "6 महीने पहले ही मेरे पति ने ड्राइवर मिथलेश को हटा दिया था, उसकी हरकतें ठीक नहीं थीं. लेकिन मेरे कहने पर ही उन्होंने उसे दूसरी बार नौकरी पर रख लिया था. आज वही काल बन गया."

इससे, पहले बबीता ने डेहरी विधायक पर 50 लाख की डिमांड और हत्या कराने का आरोप लगाया था, लेकिन IG के बयान के बाद अब जांच का रुख पूरी तरह ड्राइवर की तरफ मुड़ गया है. हालांकि, पुलिस विधायक वाले एंगल को भी नजरअंदाज नहीं कर रही है.

पुलिस ने ड्राइवर मिथलेश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और जल्द ही पूरे हत्याकांड से पर्दा उठने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें: सासाराम में डेहरी-डालमिया नगर परिषद के एक्जिक्यूटिव ऑफिसर की हत्या, पटना जाते समय वारदात को दिया अंजाम

क्या है पूरा मामला?

ब‍िहार के सासाराम में डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार डेहरी से देर रात पटना लौट रहे थे. औरंगाबाद जिला के बारुण में धनौती पुल के पास उनकी हत्या कर दी गई है. उनके शरीर पर चोट के गंभीर निशान म‍िले. 

शुरुआत में आई जानकारी में कहा गया था कि जब वे पटना जा रहे थे, तो कुछ अपराधियों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक किया और गाड़ी रुकवाकर ड्राइवर को अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद विमल कुमार के साथ जमकर मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई.

(Input- Aditya Kumar)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar, Sasaram
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com