- बेंगलुरु के एक डेकेयर सेंटर में छोटे बच्चों के साथ वॉशिंग मशीन में डालने सहित प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगे हैं.
- सेंटर में बच्चों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत पहले भी हुई थी लेकिन तब शिकायतकर्ता को नौकरी से निकाला गया था.
- वीडियो में बच्चों को वॉशिंग मशीन में डालकर पानी की तेज धार से चुप कराने और बाथरूम में बंद कर देते थे.
बेंगलुरु के एक डेकेयर सेंटर में छोटे बच्चों के साथ दुर्व्यवहार और प्रताड़ना का गंभीर मामला सामने आया है. यहां छोटे बच्चों को वॉशिंग मशीन में डाल दिया जाता था. टॉयलेट जेट स्प्रे से मुंह पर पानी की बौछार की जाती थी. रोने पर बच्चों को बाथरूम में बंद कर दिया जाता था. इस सेंटर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद 5 महिला केयरगिवर्स केस दर्ज कर जांच की जा रही है. लेकिन अब इस मामले से जुड़ी एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है.
शिकायत करने वाले को ही नौकरी से निकाल दिया था
प्रोबेशन ऑफिसर तिलकेश कुमार ने बताया कि इस केंद्र में 50 से 60 बच्चे नामांकित थे, जिनमें से प्रतिदिन 15 से 20 बच्चे आते थे. उन्होंने कहा, 'यह काफी समय से चल रहा था. पहले भी किसी ने सुपरवाइजर को इसकी जानकारी दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई.' उन्होंने बताया कि इस मामले की जानकारी देने वाले पिछले व्हिसलब्लोअर को शिकायत के बाद नौकरी से निकाल दिया गया था.
बेंगलुरु स्थित कैपजेमिनी कैंपस के डेकेयर का मामला
प्रोबेशन ऑफिसर ने बताया कि बेंगलुरु स्थित कैपजेमिनी कैंपस के भीतर संचालित डेकेयर सेंटर में अधिकारियों को पहले से बाल दुर्व्यवहार का संदेह था, लेकिन अब तक इसे साबित नहीं किया जा सका था. इस सप्ताह शिकायतकर्ता द्वारा साझा किए गए वीडियो में दो साल तक के बच्चों के साथ कथित अत्याचार के दृश्य सामने आए. कुछ वीडियो में बच्चों को वॉशिंग मशीन के अंदर बैठाकर उन पर पानी की तेज धार डाली जाती दिख रही है, जबकि अन्य वीडियो में उन्हें बाथरूम में बंद किया गया है.
रोने पर बच्चों को बाथरूम में कर देते थे बंद
इन वीडियो के सामने आने के बाद चाइल्ड हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई गई. कुमार ने कहा, “जिन लोगों की जिम्मेदारी बच्चों की देखभाल करना है, वे बच्चों के रोने या आवाज करने पर उन्हें प्रताड़ित करते थे. उन्हें चुप कराने के लिए बच्चों को वॉशिंग मशीन में डाल दिया जाता था या बाथरूम में बंद कर दिया जाता था. हमें इसी तरह की शिकायत मिली थी. शिकायतकर्ता ने बाद में ये वीडियो हमारे साथ साझा किए.”
5 केयरगिवर्स के खिलाफ मामला दर्ज
उन्होंने बताया कि वीडियो मिलने के तुरंत बाद अधिकारियों ने पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज कराई. अब पुलिस ने 5 केयरगिवर्स के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. साथ ही ये वीडियो कर्नाटक राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग को भी सौंपे गए हैं.
कैपजेमिनी जांच में दे रही सहयोग, डेकेयर सेंटर बंद
कैपजेमिनी ने एक बयान में कहा कि उसके कर्मचारियों और उनके परिवारों का स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. कंपनी ने कहा कि वह जांच में पूरी तरह सहयोग कर रही है और एहतियाती कदम के तौर पर डेकेयर सुविधा को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है.
यह भी पढ़ें - वॉशिंग मशीन में डाला, जेट स्प्रे मुंह पर मारा, बाथरूम में किया बंद... बेंगलुरु के डेकेयर में मासूमों से दरिंदगी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं