- असम में BJP लगातार तीसरी बार सत्ता संभालते हुए हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में नई सरकार बना रही है.
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुवाहाटी के वेटरनरी कॉलेज ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह के मुख्य अतिथि होंगे.
- सहयोगी दल बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट के चरण बोरो को कैबिनेट में शामिल कर गठबंधन संतुलन पर ध्यान दिया गया है
असम में आज भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता संभालने जा रही है. गुवाहाटी के खानापारा स्थित वेटरनरी कॉलेज ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. इस दौरान मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के साथ चार प्रमुख नेताओं को कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलाई जाएगी.
अतुल बोरा बनेंगे मंत्री
कैबिनेट में पहला बड़ा नाम असम गण परिषद (AGP) के अध्यक्ष अतुल बोरा का है. बोरा ने 2026 विधानसभा चुनाव में बोकाखाट सीट से जीत दर्ज की है. वह 2016 से लगातार इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और इससे पहले गोलाघाट से भी विधायक रह चुके हैं. उन्हें सरकार में कृषि, पशुपालन, शहरी विकास जैसे अहम विभागों का अनुभव है और 2014 से वह एजीपी के अध्यक्ष हैं.
यह भी पढ़ें- असम में NDA का महाजुटान, हिमंता के शपथ ग्रहण में PM मोदी समेत पहुंचेंगे 20 राज्यों के CM; ये 4 बनेंगे मंत्री
महिला चेहरे के तौर पर अजंता लेंगी शपथ
हिमंता सरकार 2.0 में महिला चेहरे के तौर पर अजंता नेओग की अहम भूमिका होगी. गोलाघाट सीट से जीतकर आईं नेओग पिछली सरकार में वित्त और महिला एवं बाल विकास मंत्री रह चुकी हैं. 2001 से लगातार विधायक रहीं नेओग असम की पहली महिला वित्त मंत्री भी हैं और राज्य की सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाली महिला विधायक का रिकॉर्ड अपने नाम रखती हैं.
चाय बागान श्रमिक समुदाय से रमेश्वर तेली का भी नाम
नए मंत्रिमंडल में बड़ा नाम रमेश्वर तेली का भी है, जो चाय बागान श्रमिक समुदाय से आते हैं. उन्होंने दुलियाजन सीट से जीत हासिल की है. तेली पहले राज्यसभा सांसद रह चुके हैं और 2014 से 2024 तक डिब्रूगढ़ से लोकसभा सांसद भी रहे. केंद्र में उन्होंने पेट्रोलियम, श्रम और खाद्य प्रसंस्करण जैसे मंत्रालयों में राज्य मंत्री के तौर पर काम किया है.
यह भी पढ़ें- केरलम सीएम की दौड़ में वेणुगोपाल का पलड़ा भारी, क्या मुस्लिम लीग के समर्थन से सतीशन को होगा नुकसान?
सहयोगी दल से चरण बोरो लेंगे शपथ
एनडीए के सहयोगी बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) से चरण बोरो को भी कैबिनेट में शामिल किया जाएगा. मजबाट सीट से जीतकर आए बोरो 2016 से विधायक हैं और पहले परिवहन व बोडोलैंड कल्याण जैसे विभाग संभाल चुके हैं. उनका शामिल होना गठबंधन संतुलन के लिहाज से अहम माना जा रहा है.
इसके अलावा असम विधानसभा के नए स्पीकर के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता रंजीत कुमार दास का नाम लगभग तय माना जा रहा है. भवानीपुर-सोरभोग सीट से जीतने वाले दास पहले पंचायत एवं ग्रामीण विकास समेत कई अहम विभाग संभाल चुके हैं और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं. वे पहले भी विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके हैं.
इस तरह हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में बनने जा रही नई सरकार में अनुभव, क्षेत्रीय संतुलन और सहयोगी दलों की भागीदारी का खास ध्यान रखा गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं