Assam Newborn Deaths News: असम के बराक वैली क्षेत्र से सामने आए आंकड़ों ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. 1 अप्रैल से 3 जुलाई 2026 के बीच श्रीभूमि जिले में 49 नवजात शिशुओं की मौत दर्ज की गई. इसी अवधि में कछार जिले में 74 और हैलाकांडी जिले में 25 नवजातों की मौत हुई. इस तरह तीनों जिलों में कुल 148 नवजात शिशुओं की मौत का मामला सामने आया है. लगातार बढ़ रहे इन मामलों के बाद राज्य सरकार ने विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं.
मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी जताई चिंता
सूत्रों के अनुसार नवजात मौतों की बढ़ती संख्या को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय भी चिंतित है. इन घटनाओं ने दक्षिणी असम के बराक वैली क्षेत्र में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं. खासतौर पर नवजातों की देखभाल, गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं और आपातकालीन रेफरल व्यवस्था को लेकर गंभीर चर्चा शुरू हो गई है.
हर मामले की अलग-अलग जांच
स्वास्थ्य विभाग ने जिले में दर्ज प्रत्येक मातृ और नवजात मृत्यु की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. स्वास्थ्य सेवाओं के संयुक्त निदेशक डॉ. मतींद्र सूत्रधार ने बताया कि हर मामले का अलग-अलग अध्ययन किया जा रहा है. इसके लिए विस्तृत केस स्टडी तैयार की जा रही है ताकि मौतों के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकें.
ये हैं नवजात मौतों के प्रमुख कारण
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार नवजात मौतों के पीछे कई चिकित्सकीय कारण सामने आए हैं. इनमें जन्म के समय या उसके तुरंत बाद ऑक्सीजन की कमी यानी बर्थ एस्फिक्सिया प्रमुख कारण है. इसके अलावा कम वजन के साथ जन्म लेने वाले बच्चों में जटिलताओं का खतरा अधिक पाया गया है. नवजातों में होने वाला गंभीर बैक्टीरियल संक्रमण यानी नियोनेटल सेप्सिस भी मौतों की बड़ी वजह माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें- हिसार से रोहतक तक भटकता रहा परिवार, वेंटिलेटर के इंतजार में गई मासूम की जान, NHRC ने मांगा जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं