केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पद संभालने के बाद प्रह्लाद जोशी की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने कहा कि उन्हें अभी-अभी इस नई जिम्मेदारी की जानकारी मिली है और वह इसे पूरी ईमानदारी और लगन के साथ निभाएंगे. जोशी ने कहा कि यह उनके लिए महत्वपूर्ण दायित्व है और वह इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आभारी हैं.
प्रधानमंत्री का जताया आभार
प्रह्लाद जोशी ने कहा, "मुझे अभी-अभी पता चला है कि प्रधानमंत्री जी ने मुझे एक नई जिम्मेदारी सौंपी है. मैं इस जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और लगन के साथ निभाऊंगा. इसके लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करता हूं." उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं और देश के विभिन्न क्षेत्रों में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं.
धर्मेंद्र प्रधान के काम की भी सराहना
अपने बयान में जोशी ने पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के काम की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि बीते चार-पांच वर्षों में धर्मेंद्र प्रधान ने नई शिक्षा नीति को अच्छी तरह लागू किया और शिक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया. जोशी ने कहा, "पिछले 12 वर्षों में मोदी सरकार ने कई ऐतिहासिक काम किए हैं. बीते चार-पांच साल में धर्मेंद्र प्रधान ने नई शिक्षा नीति को अच्छे तरीके से लागू किया है."
शिक्षा व्यवस्था को आगे बढ़ाने की बात
नए शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की शिक्षा व्यवस्था पहले से अधिक आधुनिक और बेहतर बनी है. उन्होंने भरोसा जताया कि वह प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में शिक्षा क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देंगे.
ऐसे मिली शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी
प्रह्लाद जोशी को ऐसे समय शिक्षा मंत्रालय की कमान सौंपी गई है जब केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद यह पद खाली हुआ था. राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री की सलाह पर प्रधान का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार किया. इसके बाद प्रह्लाद जोशी को उनके मौजूदा विभागों के साथ शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया.
इसी बीच धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सरकार और CJP के बीच हुई बातचीत में सहमति बनने पर संगठन ने अपना आंदोलन वापस लेने का भी ऐलान कर दिया. ऐसे में शिक्षा मंत्रालय की नई जिम्मेदारी संभाल रहे प्रह्लाद जोशी के सामने अब शिक्षा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर आगे काम करने की बड़ी चुनौती होगी.
यह भी पढ़ें- धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का ऐलान और 3 घंटे 14 मिनट में सीजेपी का आंदोलन समाप्त, कैसे बदली पूरी कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं