आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को जंतर मंतर पर हुए प्रदर्शन को लेकर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है. उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर कहा, "शनिवार के तांडव के बाद, ऐसा ना हो कि ज्ञानेश कुमार के साथ-साथ मोदीजी का भी इस्तीफा हो जाए."
केजरीवाल ने कहा, "अब आपकी गीदड़भभकियों से कोई डरने वाला नहीं है. देश का युवा जाग चुका है और आपने उनके मन से डर भी निकाल दिया."
केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
अरविंद केजरीवाल ने कहा, "शनिवार को मोदी सरकार ने वकीलों को भी नहीं छोड़ा. सुप्रीम कोर्ट के एक वरिष्ठ वकील को मोदी जी की पुलिस सड़क पर घसीटते हुए ले गई. पुलिस ने वकीलों को पीटा, उन्हें हिरासत में लिया और उनके साथ बदसलूकी की. आज तक इतिहास में किसी भी सरकार ने वकीलों के साथ इस तरह की बदतमीजी करने की हिम्मत नहीं की है. जिस भी सरकार ने ऐसा किया, वह सरकार सत्ता में नहीं बची."
आज दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के बीच क्या क्या हुआ?
शनिवार के बाद रविवार को भी दिल्ली में प्रदर्शन जारी रहा. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं ने रविवार को दिल्ली पुलिस की कस्टडी से रिहा होते ही कहा कि विरोध आगे भी जारी रहेगा. CJP के को-कन्वीनर आशुतोष रांका ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "लड़ाई अभी शुरू हुई है. यह विरोध तब तक नहीं रुकेगा जब तक ज्ञानेश इस्तीफा नहीं दे देते."
CJP लीडर सौरव दास ने कहा, "विरोध सिर्फ दिल्ली में ही नहीं बल्कि पूरे देश में होगा."
उन्होंने वोटर रोल के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) का कथित तौर पर गलत इस्तेमाल करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और BJP पर भी हमला बोला.
शाम होते होते कनॉट प्लेस पर दिल्ली पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हो गई. पुलिस ने सैंकेड़ो प्रदर्शनकारियों को डिटेन भी किया.
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी ने रद्द किया गोवा दौरा, सपा-उद्धव सेना सब जुट रही, क्या है इंडिया गठबंधन का मंडे प्लान?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं