विज्ञापन

4 घंटे में गिरफ्तारी और 10 दिन में सजा… दिल्ली पुलिस की 'बुलेट स्पीड' से कोर्ट भी दंग

16 मई को दिल्ली में हुई चोरी की एक घटना में कोर्ट ने मात्र 10 दिन में आरोपी को सजा सुना दी. चोरी की घटना के मात्र 4 घंटे बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था. जिसके बाद चार्टशीट और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मात्र 10 दिनों में कोर्ट का फैसला सामने आ गया.

4 घंटे में गिरफ्तारी और 10 दिन में सजा… दिल्ली पुलिस की 'बुलेट स्पीड' से कोर्ट भी दंग
दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में आरोपी.
  • अगर जांच तेज, सबूत मजबूत और पुलिस-प्रॉसिक्यूशन के बीच बेहतर तालमेल हो तो बहुत कम समय में इंसाफ मिल सकता है.
  • दिल्ली पुलिस ने चोरी की एक घटना में मात्र 10 दिन में कोर्ट से सजा दिलवा कर इसे साबित किया है.
  • मामला पालम का है, जहां चोरी की घटना के मात्र 4 घंटे बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

दिल्ली पुलिस की साउथ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि अगर जांच तेज, सबूत मजबूत और पुलिस-प्रॉसिक्यूशन के बीच बेहतर तालमेल हो तो किसी भी आपराधिक मामले में बहुत कम समय में इंसाफ दिलाया जा सकता है. पालम विलेज थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले में आरोपी को न सिर्फ वारदात के 4 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया, बल्कि महज 10 दिनों के अंदर उसे कोर्ट से सजा भी दिलवा दी. इस पूरे मामले में द्वारका कोर्ट ने भी दिल्ली पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है.

16 मई को पालम विलेज इलाके में हुई थी चोरी

यह मामला 16 मई 2026 का है. उस दिन पालम विलेज इलाके के राज नगर पार्ट-2 स्थित दादा देव रोड पर रहने वाले एक परिवार ने पुलिस को सूचना दी कि उनके घर में चोरी हो गई है. शिकायतकर्ता ने बताया कि घर से करीब 80 हजार रुपये नकद, चांदी रंग की एक चेन, छोटा पर्स और कुछ जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिए गए हैं. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम यानी PCR को कॉल की गई.

जांच में चोरी वाले घर से निकलता दिखा आरोपी

सूचना मिलते ही पालम विलेज थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटानी शुरू की. शुरुआती जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना के समय एक युवक को शिकायतकर्ता के घर से निकलते हुए देखा गया था.

4 घंटे में ही पुलिस ने चोर को पकड़ा

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी और पुलिस की तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान फहीम के रूप में हुई. फहीम पालम विलेज के राज नगर पार्ट-2 इलाके का रहने वाला है. पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और महज 4 घंटे के भीतर उसे दबोच लिया. गिरफ्तारी के बाद जब आरोपी से पूछताछ की गई तो उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई नकदी, चांदी की चेन, पर्स और शिकायतकर्ता का आधार कार्ड भी बरामद कर लिया.

पूछताछ में आरोपी फहीम ने पुलिस को बताया कि वह शराब और नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले से भी संदिग्ध गतिविधियों में शामिल रहा है और इलाके में उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी.

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद तेजी से हुई कानूनी प्रक्रिया

इस केस की सबसे बड़ी खासियत सिर्फ आरोपी की जल्द गिरफ्तारी नहीं रही, बल्कि उसके बाद की कानूनी प्रक्रिया भी बेहद तेजी से पूरी की गई. पुलिस ने मामले में सबूतों को मजबूत तरीके से इकट्ठा किया, गवाहों के बयान दर्ज किए और समय पर चार्जशीट दाखिल कर दी. इसके साथ ही अभियोजन पक्ष यानी प्रॉसिक्यूशन ब्रांच के साथ लगातार तालमेल बनाए रखा गया ताकि कोर्ट में केस मजबूत तरीके से पेश किया जा सके.

10 दिन में कोर्ट से मामले में सुना दिया फैसला

मामले की सुनवाई द्वारका कोर्ट में ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास सौरभ गोयल की अदालत में हुई. कोर्ट ने 26 मई 2026 को आरोपी फहीम को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई. यानी वारदात से लेकर सजा तक की पूरी प्रक्रिया सिर्फ 10 दिनों में पूरी हो गई.

कोर्ट ने अपने आदेश में दिल्ली पुलिस और अभियोजन पक्ष की तारीफ करते हुए कहा कि मामले का इतनी तेजी से अंजाम तक पहुंचना  सराहनीय है. कोर्ट ने यह भी कहा कि आपराधिक मामलों का तुरंत  निपटारा न्याय व्यवस्था में आम लोगों का भरोसा मजबूत करता है और निष्पक्ष न्याय के लिए बेहद जरूरी है.

इस मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से एपीपी सुधांशु सैनी और विकास खरब ने अहम भूमिका निभाई. दोनों सरकारी वकीलों ने कोर्ट में सबूतों और गवाहों को प्रभावी तरीके से पेश किया, जिसकी वजह से आरोपी के खिलाफ मामला मजबूत बना और जल्द सजा सुनिश्चित हो सकी.

पूरे केस को पालम विलेज थाने के SI निशांत कुमार और हेड कॉन्स्टेबल राजेश ने मिलकर सुलझाया. इस टीम का नेतृत्व SHO पालम विलेज अनंत धनराज सिंह IPS कर रहे थे, जबकि पूरी कार्रवाई की निगरानी ACP दिल्ली कैंट अनिल कुमार ने की.

बड़े संदेश दे रहा यह केस

दिल्ली पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक तरीके से जांच, समय पर कार्रवाई, तकनीकी साक्ष्यों का सही इस्तेमाल और पुलिस-प्रॉसिक्यूशन के बेहतर तालमेल की वजह से यह केस इतनी जल्दी अंजाम तक पहुंच पाया. पुलिस का मानना है कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई अपराधियों के मन में कानून का डर पैदा करती है और आम जनता का भरोसा भी मजबूत करती है.

यह मामला दिल्ली पुलिस की तेज जांच और फास्ट ट्रायल का एक बड़ा उदाहरण बनकर सामने आया है, जहां सिर्फ 10 दिनों के भीतर आरोपी को सजा दिलाकर पुलिस ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि अपराध करने वालों को जल्द कानून के शिकंजे में लाया जाएगा.

यह भी पढ़ें - क्या आपको पता है कि दिल्ली की पहली FIR कब, कहां और किस जुर्म में लिखी गई थी?

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com