विज्ञापन
This Article is From Aug 26, 2022

दिल्ली सरकार को गिराने का षड्यंत्र रचा गया, हम सोमवार को विश्वासमत प्रस्ताव लाएंगे : अरविंद केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, सच्चाई यह है कि कोई घोटाला है ही नहीं, मनीष सिसोदिया के घर पर सीबीआई की रेड में कुछ नहीं मिला

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा में मोदी सरकार पर जोरदार हमला किया.
नई दिल्ली:

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने आज दिल्ली विधानसभा में न्यूयॉर्क टाइम्स की खबर दिखाते हुए कहा कि पूरे देश का सीना चौड़ा हो गया. आज किसी से भी पूछ लो शिक्षा मंत्री कौन है, बता देंगे, लेकिन केंद्र, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के शिक्षा मंत्री को नहीं जानते, लगता है पूरे देश में एक ही शिक्षा मंत्री हैं. अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, यह खबर न्यूयॉर्क टाइम्स में 18 अगस्त को छपी. उसके एक सप्ताह बाद 25 अगस्त को एक खबर और छपी जिसकी हेडलाइन थी, मोदी के भारत में लोकतंत्र की हत्या, ये सबके लिए शर्म की बात है. इस बीच दिल्ली विधानसभा का विशेष सत्र एक दिन के लिए बढ़ा दिया गया.  केजरीवाल सरकार सोमवार को विधानसभा में विश्वासमत प्रस्ताव लाएगी.

केजरीवाल ने कहा कि, अमेरिकी राष्ट्रपति की पत्नी दिल्ली के सरकारी स्कूलों को देखने आईं. बान की मून दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिक देखने आए, सिंगापुर की सरकार ने बुलाया, पूरी दुनिया के मेयरों को सिखाने का मौका मिलता, देश के लिए गर्व की बात थी. लेकिन राष्ट्र विरोधी ताकतें एक हो गईं और तय किया कि इनको रोको अब बस, इन लोगों ने मिलकर एक षड्यंत्र रचा कि दिल्ली सरकार को गिराना है. मनीष सिसोदिया के खिलाफ मुकदमा किया.

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, ये लोग बता ही नहीं पा रहे हैं कि घोटाला है क्या? ये लोग कहते हैं कि डेढ़ लाख करोड़ का घोटाला हुआ, बाद में 8 हजार करोड़, फिर 1100 करोड़ का घोटाला बताया. मीडिया वालों ने बताया कि उप राज्यपाल ने एक रिपोर्ट बनाई कि 144 करोड़ का घोटाला हुआ. सीबीआई की एफआईआर में कुछ और है. एक व्यापारी ने दूसरे को दिया, इसमें मनीष सिसोदिया का क्या लेना देना?

सच्चाई ये है कि कोई घोटाला है ही नहीं, मनीष सिसोदिया के घर पर सीबीआई की इतने घंटे की रेड में कुछ नहीं मिला. हर कमरा छान मारा एक चवन्नी तक नहीं निकली, 30-35 लोग आए थे, उनकी रेड का खर्चा तक नहीं निकला.

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, हम सोच रहे थे इन्हें रेड में क्या मिला? आज 7 दिन हो गए. बाद में मनीष सिसोदिया जी के पास भाजपा का संदेश आया कि दिल्ली में ऑपरेशन लोटस चल रहा है, तोड़कर भाजपा में आ जाओ, केस खत्म मुख्यमंत्री बना देंगे. लेकिन मनीष सिसोदिया ने मना कर दिया. छोटी बात नहीं है मुख्यमंत्री की कुर्सी ठुकराना. मैंने पिछले जन्म में पुण्य किए होंगे जो मुझे ऐसा उप मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री मिला. फिर विधायकों को तोड़ने की कोशिश की, लेकिन आप लोग नहीं टूटे. बताया गया कि ऑपरेशन लोटस के लिए 800 करोड़ रुपये रखे हैं. आज मैं बताऊंगा कि ये 800 करोड़ किसके हैं?

अब पता चला है कि उप राज्यपाल स्कूलों की भी जांच कर रहे हैं. सारा कुछ गुजरात के चुनावों के लिए हो रहा है, ये किला कहते थे जो कि अब ढह गया. लोग कह रहे हैं कि आप इनके 27 सालों की जांच कराएंगे इसलिए ये हमारी कर रहे हैं. आज हम ऐलान कर दें कि गुजरात चुनाव नहीं लड़ रहे हैं, तो सब कुछ आज ही बंद हो जाएगा.

केजरीवाल ने कहा - आज मैं आपको बताता हूं कि विधायकों को खरीदने के लिए पैसा कहां से आ रहा है. दिल्ली में विधायकों की कीमत 20 करोड़ लगाई. ऐसे ही महाराष्ट्र और दूसरी जगहों पर विधायकों को खरीदा. महंगाई इतनी बढ़ा दी GST बढ़ा दी, उस पैसे का दो ही जगह इस्तेमाल होता है, या तो अपने पूंजीपति दोस्तों को देते हैं या फिर विधायकों को खरीदते हैं. अभी झारखंड में सरकार गिरने वाली है, तो देख लेना कहीं पेट्रोल और GST ना बढ़ जाए. आप लोगों को तय करना है कि आपका मेहनत का पैसा कहां खर्च हो.

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि- एक आदमी की सत्ता की हवस को पूरा करने के लिए सब कुछ हो रहा है. ये भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई नहीं है, इन्होंने लाल किले से कहा कि भ्रष्टाचार की लड़ाई में आपका साथ चाहिए. अपने स्वार्थ और सत्ता की हवस की लड़ाई है. 

केजरीवाल ने कहा कि, आज मैं आपको पांच मुद्दे देता हूं जांच कराओ. मैं गुजरात जाता हूं वहां लोग पेपर लीक से परेशान हैं, मैं चुनौती देता हूं कि गुजरात चुनाव से पहले किसी एक को जेल में डालकर दिखाओ. गुजरात में 22 हजार करोड़ का नशा पकड़ा जा चुका है. इनके लोग जहरीली शराब का कारोबार करते हैं. बुंदेलखंड में प्रधानमंत्री एक्सप्रेस वे का उद्घाटन करने गए थे, वो धंस गया. कोई सीबीआई जांच नहीं हुई, उल्टा और ठेके दे दिए. ऐसा दिल्ली में होता तो नाक में दम कर देते. ये पांच मुद्दे दे दिए, करके दिखाओ जांच.

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, लोग फोन कर रहे हैं कि कितने विधायक टूट ग‌ए, मैं कहता हूं कि एक भी नहीं टूटने वाला. दिल्ली की जनता को भरोसा दिलाने के लिए कॉन्फिडेंस मोशन लाना चाहता हूं.

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, दिल्ली सरकार ने बीते सात साल में खूब काम किया है. उसकी चर्चा पूरी दुनिया के अंदर है. दुनिया के बड़े-बड़े नेता आकर दिल्ली में देख चुके हैं. दुनिया भर के अखबारों में उसकी चर्चा हो रही है. यह 130 करोड़ भारतीयों के लिए गर्व की बात है. राष्ट्र विरोधी ताकतें नहीं चाहतीं कि काम हो. सभी राष्ट्र विरोधी ताकतें हमारे खिलाफ हमारी पार्टी के खिलाफ राष्ट्रवादी ताकतों एक हो गई हैं और दिल्ली सरकार को गिराना चाहती हैं.

दिल्ली की जनता को मैं कहना चाहता हूं कि जिन लोगों को आपने चुनकर भेजा है वे टूटने वाले नहीं हैं. गुजरात चुनाव तक यह सिलसिला चलता रहेगा. जितनी चाहे जांच कर लो, जो भी जांच एजेंसियां हैं... शोभा नहीं देता... सुबह उठते ही आप सोचते हो कि आज महाराष्ट्र की सरकार गिरा दूं, आज दिल्ली की सरकार की गिरा दू़ं... आप काम कब करोगे?

ये अब तक करीब 277 एमएलए खरीद चुके हैं और इसमें 5500 करोड़ रुपये लगाए. यह पैसा आपकी जेब से जा रहा है. जनता के पैसे से करोड़पति दोस्तों का कर्जा माफ किया जा रहा है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Arvind Kejriwal, Delhi Assembly, Anti-national Forces
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com