- मेघालय के शिलांग में आयोजित चेरी ब्लॉसम फेस्टिवल में अमेरिकी रैपर स्वे ली पर एक दर्शक ने बीयर फेंकी थी
- बीयर सीधे स्वे ली के चेहरे पर लगी, जिससे वे गुस्से में आकर अपना लाइव परफॉर्मेंस रोक गए थे
- स्वे ली ने सुरक्षा टीम को फेंकने वाले व्यक्ति को इवेंट से बाहर निकालने का निर्देश दिया था
मेघालय की राजधानी शिलॉन्ग में हुए मशहूर चेरी ब्लॉसम फेस्टिवल के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब अमेरिकी रैपर स्वे ली पर एक दर्शक ने कथित तौर पर बीयर फेंक दी. इस घटना से रैपर काफी नाराज हो गए और उन्होंने बीच में ही अपना लाइव परफॉर्मेंस रोक दिया. घटना के बाद स्वे ली ने सुरक्षा कर्मियों को बीयर फेंकने वाले शख्स को इवेंट से बाहर निकालने का निर्देश दिया, तब कहीं जाकर मामला शांत हुआ.
बीयर मुंह पर फेंकी, सातवें आसमान पर पहुंचा रैपर का पारा
शिलॉन्ग के इस इवेंट का वीडियो भी सामने आया है. इसके स्वे ली पर एक शख्स बीयर फेंकते हुए नजर आ रहा है. जानकारी के मुताबिक, 33 वर्षीय अमेरिकी रैपर स्वे ली शनिवार रात मेघालय के बोइरिम्बोंग स्थित मदन कुरकलांग स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित चेरी ब्लॉसम फेस्टिवल में परफॉर्म कर रहे थे. उनके कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में फैंस मौजूद थे. इसी दौरान एक दर्शक ने कथित तौर पर उनकी तरफ बीयर फेंक दी. बीयर सीधे स्वे ली के चेहरे की तरफ आई, जिससे उनका पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया.
बीच परफॉर्मेंस में रोका म्यूजिक, दर्शकों पर भड़के स्वे ली
घटना उस समय हुई जब स्वे ली अपना अगला गाना शुरू करने वाले थे. अचानक उन्होंने म्यूजिक रुकवा दिया और गुस्से में दर्शकों से पूछने लगे कि आखिर किसने उनकी तरफ बीयर फेंकी है? सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में रैपर को काफी नाराज देखा जा सकता है. वह बार-बार भीड़ की तरफ देखते हुए बीयर फेंकने वाले व्यक्ति के बारे में पूछते नजर आए. बताया जा रहा है कि जब बीयर फेंकने वाले व्यक्ति की पहचान हो गई, तब स्वे ली ने अपनी सुरक्षा टीम को उसे तुरंत बाहर निकालने के लिए कहा. इसके बाद आयोजकों और सुरक्षाकर्मियों ने कथित तौर पर उस व्यक्ति को कार्यक्रम स्थल से बाहर कर दिया.
वायरल वीडियो में दिखा रैपर का गुस्सा
इस पूरी घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. वीडियो में स्वे ली को अपना परफॉर्मेंस रोककर सुरक्षा कर्मियों को निर्देश देते हुए देखा जा सकता है. एक अंतरराष्ट्रीय कलाकार के साथ इस तरह की हरकत ने कार्यक्रम के माहौल को कुछ देर के लिए तनावपूर्ण बना दिया. चेरी ब्लॉसम फेस्टिवल में स्वे ली की प्रस्तुति को लेकर फैंस में काफी उत्साह था. लोग उनके गानों पर झूम रहे थे, लेकिन बीयर फेंकने की घटना के बाद पूरा माहौल बदल गया.
ये भी पढ़ें:- दिलजीत दोसांझ का इंदौर कॉन्सर्ट, 'पटियाला पेग' समेत 4 गानों पर रोक, बच्चों को लेकर सख्ती
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों के व्यवहार और लाइव कार्यक्रमों में कलाकारों की सुरक्षा को लेकर चर्चा हो रही है. कई लोग रैपर के समर्थन में सामने आए हैं और उनका कहना है कि किसी भी कलाकार के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए.
ये भी पढ़ें:- सोनू निगम ने फ्लाइट में सफर कर रहे लोगों के लिए गाए 90s से लेकर 2000 के गानों से बांधा समा, वीडियो वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं